Move to Jagran APP

बिहार में आज फिर गरजेंगे नमो; कल कहा था, 'शैतान' से है मुकाबला'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सासाराम व औरंगाबाद में हुंकार भरेंगे। इसकी सारी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री की रैली को देखते हुए सुरक्षा के सख्‍त इंतजाम किए गए हैं। रैली स्‍थल पर समर्थकों की भीड़ सुबह से ही जुटने लगी है।

By Pradeep Kumar TiwariEdited By: Published: Thu, 08 Oct 2015 09:37 PM (IST)Updated: Fri, 09 Oct 2015 09:27 AM (IST)
बिहार में आज फिर गरजेंगे नमो; कल कहा था, 'शैतान' से है मुकाबला'

जागरण टीम, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सासाराम व औरंगाबाद में हुंकार भरेंगे। इसकी सारी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री की रैली को देखते हुए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। रैली स्थल पर समर्थकों की भीड़ सुबह से ही जुटने लगी है।

prime article banner

इसके पहले गुरुवार को मुंगेर, बेगूसराय, समस्तीपुर और नवादा में तूफानी चुनाव प्रचार के दौरान मोदी ने चुटकी ली कि पूरी दुनिया में शैतान को लालू जी का ही पता मिला? जिनके शरीर में शैतान बैठा है, वह बिहार का विकास कैसे करेगा? उम्मीद है कि आज की रैलियों में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोदी महागठबंधन के नेताओं पर तीखा हमला करेंगे।

आखिरी मोड़ के करीब पहुंचे प्रथम चरण के चुनाव प्रचार से पहले गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने लालू-नीतीश को उनके ही कठघरे में घेरकर, जहां फिर से जंगलराज और विकासराज की बात दोहराई, वहीं लालू को उनके ही बयानों मे बांध दिया।

बीफ बयान को लेकर घिरे लालू को अब प्रधानमंत्री ने इसके लिए मजबूर कर दिया है कि वह पूरे चुनाव में सिर्फ सफाई देने को मजबूर रहें। शैतान वाले बयान को भाजपा लालू की स्वीकारोक्ति के रूप में पेश करने की कवायद में जुट गई है और इसी बहाने जंगलराज और शैतान को जोडऩे की कोशिश भी शुरू हो गई है।

गुरुवार को मोदी के पास मौका था, मंच-माइक था, मुद्दा था, मोहरा था, और मूड भी। चारो रैलियों में वह जबर्दस्त फॉर्म में दिखे। उन्होंने लालू-नीतीश को सीधे निशाने पर लिया। लालू के बीफ संबंधी बयान पर कहा, हमारा मुकाबला इसी 'शैतान' से है। इसे बिहार तो क्या, पूरे देश में कहीं भी जगह नहीं मिलनी चाहिए। बिहार विधानसभा का चुनाव जंगलराज और विकासराज के बीच हो रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, राजद और जदयू ने अपने पिछले 60 साल के शासनकाल में विकास से वंचित रखकर बिहार को धोखा दिया। ये तीनों दल बिहार के लिए कभी एक नहीं हुए, लेकिन अब सत्ता के लिए एक हो गए हैं। बिहार की जनता इन्हें ऐसा सबक सिखाएगी कि फिर कोई बिहार के साथ धोखाधड़ी करने की जुर्रत न कर सके। बिहार अब ज्यादा इंतजार नहीं कर सका। जो लोग 60 साल में बिहार का भला नहीं कर सके, वे अब पांच साल में क्या करेंगे? माहौल बता रहा है कि बिहार में दो तिहाई बहुमत से राजग की सरकार बनना तय है।

____

पढि़ए प्रधानमंत्री के भाषण के अंश उनके ही शब्दों में...

निशाने पर लालूू

अब लालू प्रसाद की ड्रामेबाजी नहीं चलेगी। यह 1990 नहीं, 2015 का बिहार है। लालू बताएं कि देश के कानून ने उन्हें चुनाव लडऩे से क्यों रोक दिया? गुस्से में पता नहीं क्या-क्या खाने की बात कर रहे। बाद में कह रहे कि मेरे मुंह में शैतान घुस गया था। दुनिया में करोड़ों लोग हैं, लेकिन शैतान को लालू जी का ही ठिकाना मिला? शैतान की मेहमाननवाजी ऐसे कर रहे हैं, जैसे उनका पुराना साथी आया हो। यदुवंशी सच्चे गौ प्रेमी होते हैं। लालूजी, आप उन पर ऐसा आरोप लगाते हो।

नीतीश की भी ली खबर

बिहार के सीएम ने पांच साल में बिजली पहुंचाने का वादा किया था। कहा था, ऐसा न हुआ तो वोट नहीं मागूंगा। बिजली नहीं पहुंची, लेकिन वोट मांगने आ गए। जो सरकार माताओं-बहनों के लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं कर सकी, उसे सत्ता मांगने का हक नहीं है। झूठे वादे करके बिहार में फिर से जंगलराज लाने की तैयारी की जा रही है।

कांग्रेस पर हमला

एक समय कांग्रेस का अहंकार सातवें आसमान पर था। उसके 440 मेंबर संसद में जीतकर आए थे, लेकिन जनता ने उनके अहंकार को तोड़कर 40 पर ला दिया। जनता गलतियों को माफ करती है, लेकिन धोखा कभी माफ नहीं करती। बिहार में भी ऐसा ही होगा। अहंकार को जनता बखूबी समझती है। आने वाले समय में अहंकार का जवाब जनता जरूर देगी।

महागठबंधन की खोली पोल

बिहार में महागठबंधन नहीं, महास्वार्थबंधन हुआ है। इसमें तीन खिलाड़ी हैं। एक है कांग्रेस, जिसने 35 साल राज किया। दूसरे हैं बड़े भाई, उन्होंने 15 साल राज किया, तीसरे हैं छोटे भाई, जो दस साल से राज कर रहे हैं। तीनों ने मिलकर 60 साल राज किया। ये लोग रोज सोचते हैं कि मोदी को कैसे बदनाम किया जाए। तीनों लोगों ने बिहार में विकास क्यों नहीं किया, जवाब देना चाहिए। तीनों की वजह से बिहार की तीन पीढिय़ां बर्बाद हो चुकी है। अब बिहार ऐसा नहीं कर सकता। बिहार को बढ़ाना है, पढ़ाना है तभी हिंदुस्तान बढ़ेगा। जो लोग कर्पूरी ठाकुर का नाम लेकर कांग्रेस के खिलाफ थे, आज उसके साथ हो गए हैं। कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ जेपी ने जंग छेड़कर नौजवानों को प्रेरणा दी थी। उनके गीत गाने वाले आज कांग्रेस की गोद में जाकर बैठ गए हैं। जेपी, कर्पूरी ठाकुर, लोहिया की आत्मा, आज ऐसे लोगों के कारण दुखी होगी।

विशेष पैकेज

बिहार के लिए एक लाख 65 हजार करोड़ रुपये केवल बिहार नहीं, बल्कि पूरे हिंदुस्तान की शक्ल-सूरत बदलने की ताकत रखते हैं। एक बार बिहार आगे बढ़ गया तो हिंदुस्तान कभी पीछे नहीं रह सकता।

बिहार का पानी और जवानी

जंगलराज ने यहां बस 'फिरौती उद्योग' लगाया। गंगा तट के पास जो रहते हैं, वहां बालू चोरों ने परेशान कर रखा है। बिहार की सरकार ने दो ताकतों की अनदेखी की। पहली ताकत पानी और दूसरी यहां की जवानी। यही दोनों ताकतें

बिहार का भाग्य बदल देंगी। बिहार के कुछ इलाकों में इतना पानी है, जिसके लिए हिंदुस्तान के कई इलाके तरसते हैं। यहां लबालब जवानी भरी पड़ी है। सिर्फ बिहार के पानी और जवानी पर ध्यान दे दिया जाए तो यहां की तस्वीर बदल जाए।

गांधी मैदान ब्लास्ट की याद

दो साल पहले गांधी मैदान में मैं आया था। जैसे ही पटना एयरपोर्ट पर उतरा, बताया जाने लगा कि बम धमाके हो रहे हैं। लोग सभा छोड़कर भाग जाएं, पैरों तले लोग दब जाएं, मोदी पर ये कलंक लग जाए, ऐसी साजिश रची गई। मेरा भाषण खत्म हुआ तो यहां के मुख्यमंत्री मेरा मजाक उड़ा रहे थे। जो हादसे में मारे गए थे उनको लेकर दुखी नहीं थे। ऐसी राजनीति नहीं होनी चाहिए।

राष्ट्रपति की बात सुनो

देशवासियों से कहता हूं कि ऐसे बेतुकी बातें करने वाले नेताओं की बयानबाजी पर ध्यान न दें। नरेंद्र मोदी की कोई बात अगर बुरी लगे तो उसे भी न सुनिए। सुनना है तो देश के राष्ट्रपति ने जो कहा, उसे सुनो। देश के मुखिया ने जो कहा उससे बड़ी कोई प्रेरणा नहीं हो सकती। उन्होंने जो रास्ता दिखाया है, उसी पर चलना है तभी विश्व की अपेक्षाओं को पूरा कर पाएंगे। अलग-अलग पंथ अपनाते हुए एक-दूसरे की आस्था के प्रति सम्मान सर्वोच्च भारतीय मूल्य है। इसे सच्चे मन से अपनाया जाना चाहिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.