अब रेलवे ट्रैक पर होने वाली मौत को रोकने की जिम्मेदारी होगी रेल पुलिस की
अब रेलवे ट्रैक पर होने वाली दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी रेल पुलिस की होगी। रेल पुलिस इसके लिए लोगों को जागरूक करेगी।
पटना [जेएनएन]। दानापुर मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन औसतन तीन यात्रियों की ट्रेन से कटकर मौत हो जाती है। इतनी बड़ी संख्या में होने वाली मौत से रेल प्रशासन खुद परेशान है। रेलवे ने ट्रैक पर होने वाली मौत को रोकने की जिम्मेदारी अब आरपीएफ एवं जीआरपी को संयुक्त रूप से दी है। दोनों संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाएंगे।
रेल एसपी जितेन्द्र मिश्र एवं दानापुर मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त चन्द्र मोहन मिश्र ने अपने अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मंडल में एक साथ जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस बाबत दोनों अधिकारियों ने बताया कि दानापुर मंडल के जिन स्टेशनों के रेलवे ट्रैक पर इस तरह की घटनाएं होती हैं उसे चिह्नित कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें: बिहार के ये मोबाइल गांव, इनका हर साल बदल जाता भूगोल, जानिए
सभी थानाध्यक्षों को विशेष रूप से अपने क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। जहां भी इस तरह की घटनाएं अधिक हो रही हैं वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। जो भी यात्री रेलवे ट्रैक पार करते पकड़े जाएंगे उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रेलवे ट्रैक पार करने वाले यात्रियों को मेगाफोन के जरिये ऐसा नहीं करने की सलाह दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: अजब रेल की गजब कहानी, यहां स्वर्ग से नौकरी करने आते कर्मचारी, ऐसे खुली पोल
रेल पुलिस की ओर से बड़ी संख्या में पोस्टर व बैनर छपवाए जा रहे हैं। जिनसे लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्हें रेलवे ट्रैक की बजाय फुट ओवर ब्रिज से रेलवे लाइन पार करने को कहा जाएगा। समय बचाने के लिए जान पर खतरा मोल लेने से मना किया जाएगा।