नीतीश का आरोप : मोदी सरकार में घूसखोर बना मंत्री
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बात बनाने वालों से सावधान रहें। दस वर्षों में परिवर्तन हुआ है, लेकिन नमो को विकास नहीं दिख रहा है। लोकसभा चुनाव में भाजपा के जिस नेता के पास से दो करोड़ रुपये बरामद हुए उसे नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार में मंत्री बनाया।
जागरण टीम, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार कहा कि बात बनाने वालों से सावधान रहें। दस वर्षों में परिवर्तन हुआ है, लेकिन नमो को विकास नहीं दिख रहा है। कहा कि मैंने घूसखोर मंत्री की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद त्वरित कार्रवाई कर मंत्री को पद से हटा दिया।
लेकिन लोकसभा चुनाव में भाजपा के जिस नेता के पास से दो करोड़ रुपये बरामद हुए उसे नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार में मंत्री बनाकर सम्मानित किया। उन्हें क्यों नहीं हटाया गया? नीतीश रोहतास के काराकाट, संझौली, नोखा, राजपुर, कैमूर और काको में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में सरकार बने 17 महीने हो गए, लेकिन जो वादा किया था पूरा किया क्या? कालाधन आने की बात तो दूर, जन-धन के खाते में बोहनी भी नहीं हो पाई।
भाजपा गरीबों की नहीं पूंजीपतियों की पार्टी है। प्रधानमंत्री अपनी हर सभा मे जंगलराज का ढोल पीट दुष्प्रचार कर रहे हैं। भाजपा में नेतृत्व का अकाल पड़ा है, अब प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जा रहा है। गुजरात के 39 फीसद घरों में आज भी शौचालय नहीं है। महिलाएं कुपोषण की शिकार हैं।
नेता से लेकर कार्यकर्ता तक सभी बाहरी हैं। महागठबंधन ने बहुत पहले ही मुख्यमंत्री से लेकर सभी सीटों पर लडऩे वाले उम्मीदवारों का नाम घोषित कर दिया। भाजपा अभी तक यह नहीं तय कर पाई है कि उनके दल का कौन नेता होगा।
भाजपा कह रही है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जा रहा है। लोक सभा में भी यही स्थिति थी। अब पंचायत चुनाव भी भाजपा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लड़ेगी। सीएम ने कहा कि वे प्रधानमंत्री से विकास के मुद्दे पर कभी भी बहस करने को तैयार हैं। आज बिहार में समावेशी विकास हो रहा है।