Move to Jagran APP

दस्तक कार्यक्रम में बोले नीतीश- छाती तोड़ने वाले बहुत देखे, डरूंगा नहीं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार घरों पर दस्तक देने के कार्यक्रम से पहले पटना सिटी के मशहूर बड़ी पटनदेवी मंदिर पहुंचे। इसके बाद कृष्णा शाह के घर का दरवाजा खटखटाकर अभियान की शुरुआत की। करीब डेढ़ घंटे बाद तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तीन दर्जन से अधिक घरों में दस्तक दे चुके हैं।

By Kajal KumariEdited By: Published: Thu, 02 Jul 2015 10:21 AM (IST)Updated: Thu, 02 Jul 2015 08:28 PM (IST)
दस्तक कार्यक्रम में बोले नीतीश- छाती तोड़ने वाले बहुत देखे, डरूंगा नहीं

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार घरों पर दस्तक देने के कार्यक्रम से पहले पटना सिटी के मशहूर बड़ी पटनदेवी मंदिर पहुंचे। इसके बाद कृष्णा शाह के घर का दरवाजा खटखटाकर अभियान की शुरुआत की। करीब डेढ़ घंटे बाद तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तीन दर्जन से अधिक घरों में दस्तक दे चुके हैं।

loksabha election banner

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पटना सिटी के शिवचक गांव मेंहदीगंज में एक सभा को भी संबोधित किया। इस मौके पर नीतीश कुमार ने कहा कि छाती तोड़ने वालों को बहुत देखा है। मैं डरने वाला नहीं हूं। नीतीश ने कहा कि जान की परवाह किए बगैर भी विकास कार्य करता रहूंगा।

पिछले दिनों रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार ने अप्रत्यक्ष रूप से नीतीश कुमार की छाती तोड़ने की बात कही थी, जिसके जवाब में नीतीश ने उक्त बात कही।

नीतीश ने कहा कि विकास के संकल्प से पीछे हटने वाला नहीं हूं। भाजपा वाले परिवर्तन की बात करते हैं यहां किसके लिए क्या परिवर्तन हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम तोड़ने वाले नहीं जोड़ने वाले हैं। सबको साथ लेकर चलने में यकीन रखते हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में अब कानून का राज है। चेहरा देखकर कर शासन नहीं किया जा रहा है।

दस्तक कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं के कमेंट का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोगों से मिलने क्या निकले भाजपा के लोग बौखला गए। नीतीश ने कहा कि ऐसा बिहार बनाएंगे कि आप लोगों को यहां से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लोग बिहार आने के लिए परेशान रहेंगे।

उन्होंने बेलवर बगीचा, बेलवर गली के घरों में दस्तक देने के बाद हरिजन टोली का भी दौरा किया। हरिजन टोली के लोगों ने प्रमुख रूप से बिजली समस्या का मुख्यमंत्री से शिकायत की, जिसको मुख्यमंत्री ने तत्काल दूर करवाने का निर्देश दिया। कुछ लोगों ने बिजली के पोल की भी समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी।

नीतीश कुमार अब तक के अपने कार्यों के बारे में लोगों से पूछ रहे हैं। इसके साथ ही उनकी समस्याएं और सुझावों के बारे में भी जानकारी ले रहे हैं। नीतीश कुमार के साथ सैकड़ों समर्थक भी मौजूद हैं। पूरे मुहल्ले में नीतीश के कार्यक्रम को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि यह अभियान गांधी जी के सिंद्धातों पर आधारित है। लोग अपनी समस्या नीतीश कुमार से सीधे कह सकते हैं। अभियान के पहले दिन पटना सिटी के दस घरों में नीतीश कुमार दस्तक दे रहे हैं।

जदयू के प्रदेश महासचिव नवीन कुमार आर्या ने बताया कि चुनावी अभियान के तहत पार्टी का यह कार्यक्रम प्रथम चरण में गुरुवार से शुरू होकर 11 जुलाई तक चलेगा। प्रदेश भर में इस कार्यक्रम के तहत तीन घंटे में 30 लाख घरों पर दस्तक देने का लक्ष्य है। दूसरा चरण 21 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा। सभी मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

टाइटिल सांग व रिंगटोन जारी : जदयू ने बुधवार को अपना चुनावी टाइटिल सांग और मोबाइल रिंग टोन जारी किया। इसे प्रदेश भर में जदयू कार्यकर्ताओं में वितरित किया गया है। गुरुवार से शुरू हो रहे 'हर घर दस्तक' कार्यक्रम के दौरान इसे बजाया जाएगा। इच्छुक लोगों के मोबाइल में रिंगटोन डाउनलोड किया जाएगा। टाइटिल सांग एवं रिंग टोन के रूप में यह गीत रहेगा-'बिहार में बहार हो, नीतीश कुमार हों।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.