नीतीश ने आठ हजार यादवों को भेजा जेल : मांझी
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने गुरुवार को औरंगाबाद में राजग कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नीतीश-लालू एवं कांग्रेस का महागठबंधन विनाश के लिए बना है।
औरंगाबाद। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने गुरुवार को औरंगाबाद में राजग कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नीतीश-लालू एवं कांग्रेस का महागठबंधन विनाश के लिए बना है। नीतीश ने जंगलराज की दुहाई देकर गद्दी ली और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को जेल भेजा।
अब सत्ता के लिए दोनों एक हो गए। नीतीश जातिगत भावना से काम करते हैं। बिहार के आठ हजार यादवों को उन्होंने जेल भेजा है। छोटे कांडों में शामिल यादव भी जेल में बंद हैं।
मांझी ने कहा कि नीतीश ने उन्हें गलतफहमी में मुख्यमंत्री बनाया। जनहित में कार्य करना शुरू किया तो गलत तरीके से हटाया गया। मुख्यमंत्री रहते मैंने जो 34 निर्णय लिए, उसे नीतीश एक-एक कर लागू कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने से पहले मेरे फैसले को गलत बता रहे थे। राजग को सूबे की सत्ता मिलने पर बेरोजगारों को एक हजार रुपये मासिक भत्ता देने की बात भी मांझी ने कही।