बृजनाथी सिंह हत्याकाण्ड के लिए नीतीश जिम्मेदार, बोले रामविलास - लौट आया जंगलराज
लोजपा नेता बृजनाथी सिंह हत्याकांड मामले पर रामविलास पासवान ने नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। रामविलास ने कहा कि एक बार फिर बिहार में जंगलराज की वापसी हो गयी है।
पटना। लोजपा नेता बृजनाथी सिंह हत्याकाण्ड मामले पर आज LJP सुप्रीमो रामविलास पासवान ने महागठबंधन की सरकार को आड़े हाथों लिया। केन्द्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि जंगलराज की फिर से वापसी हो गयी है। हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनता अब खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी है।
उन्होंने पार्टी नेता की हत्या को एक साजिश करार देते हुए कहा कि बृजनाथी सिंह के मर्डर के लिए नीतीश सरकार जिम्मेदार है। राज्य सरकार अपराधियों पर नकेल कस पाने लगातार फेल हो रही है।
सड़क से संसद तक लड़ेंगे लड़ाई
बिहार में लगातार बढ़ते अपराध के मुद्दे को लेकर लोजपा नेता चिराग पासवान गंभीर हैं। उन्होंने नीतीश सरकार को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर हमारे किसी भी कार्यकर्ता को खरोंच तक आयी तो सड़क से लेकर सदन तक लोजपा आवाज बुलंद करेगी।
चिराग पासवान ने ये भी कहा कि आने वाले सत्र के दौरान लोजपा यह मुद्दा संसद में भी उठाएगी क्यों कि प्रदेश में क्राइम के ग्राफ में लगातार इजाफा हो रहा है लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुप्पी साधे हुए हैं।
जंगलराज से भी बुरा हाल
रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार ने भी कहा कि बिहार में शासन नाम की चीज नहीं रह गई है। नीतीश, लालू और कांग्रेस गठजोड़ की सरकार में बिहार की स्थिति जंगलराज से भी बदतर हो गई है। जनता भगवान भरोसे है।