बिहार: पटना में ट्रेन से खींचकर गंदा काम, डबल मर्डर से दहला मोतिहारी
बिहार के विभिन्न इलाकों में बीती रात से रविवार की सुबह तक हत्या व दुष्कर्म सहित कई बड़ी वारदातें हुईं। इनसे रविवार की सुबह अपराध की चर्चाओं के साथ श्ुारू हुई।
पटना [जेएनएन]। बिहार में रविवार को अपराधों की दहशत भरी सुबह हुई। पटना के फतुहा में ट्रेन से खींचकर एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना प्रकाश में आई। उधर, पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) में डबल मर्डर की घटना से दहशत फैल गई। खगडि़या में भी एक वृद्धा को पीट-पीटकर मार डाला गया। बीती रात से सुबह तक की बड़ी आपराधिक घटनाओं पर डालते हैं एक नजर।
पटना: युवती को ट्रेन से खींचकर सामूहिक दुष्कर्म
मिली जानकारी के अनुसार पटना के राजेंद्र नगर में काम करने आई एक युवती राजगीर पैसेंजर ट्रेन में सवार होकर वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान ट्रेन में सवार दो अपराधियों ने उसे फतुहा ओवरब्रिज के पास जबरन खींचकर ट्रेन से नीचे उतारकर सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान चीखने की कोशिश करने पर उन्होंने युवती के मुंह को दबा दिया तथा मारपीट भी की। घटना के बाद दोनों युवती को वहीं छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद युवती ने फतुहा रेल थाना पहुंचकर आपबीती सुनाई तथा मामला दर्ज कराया।
पूर्वी चंपारण: रंगदारी नहीं देने पर डबल मर्डर
पूर्वी चंपारण जिला (मोतिहारी) में अपराधियों ने रविवार को डबल मर्डर की घटना को अंजाम दिया। वारदात मधुबन के कौड़िया पंचायत के मुखिया विनय यादव के घर पर हुई। वहां देर रात दरवाजे पर सोए एक व्यक्ति की गोली मारकर तो दूसरे की गला दबाकर हत्या कर दी गई। दोनों मृतक मजदूर बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक अपराधी चन्दकेत सिंह ने मुखिया से रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी नहीं देने के कारण अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया।
आरा: रेलवे स्टेशन पर फौजी सहित दो को गोली मारी
दानापुर रेलवे मंडल के आरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने एक फौजी समेत दो लोगों को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से भाग निकले। घायलों में एक दीपक कुमार भारतीय सेना में कार्यरत है। उसकी पोस्टिंग मुंबई में है। दूसरा घायल अमन कुमार है। बताया जा रहा कि दीपक और अमन शनिवार की देर रात अपने एक करीबी दोस्त रामाशंकर सिंह को नॉर्थ-इस्ट एक्सप्रेस पर चढाने के लिए आए थे कि नशे में धुत अपराधियों ने मोबाइल छीनने की कोशिश में उन्हें गोली मार दी।
लखीसराय: परिवार को घर में बंद कर डकैती
लखीसराय के बड़हिया थाना क्षेत्र के नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या छह स्थित अजय कुमार सिंह के घर में बीती रात डकैती हो गई। डकैतों ने हथियार के बल पर घर के सभी सदस्यों को एक जगह इकट्ठा कर उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद नकद व जेवरात आदि लूट लिए। घटना की भनक आस-पास के लोगों को भी नही लगी।
खगडि़या: वृद्धा की पीट-पीटकर हत्या
खगड़िया के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा में देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला की ईट-पत्थर से पीट-पीटकर हत्या कर दी। महिला की पहचान मीरा देवी के रुप में हुई है। घटना का कारण फिलहाल ज्ञात नहीं है।