झूठ का पुलिंदा है मोदी सरकार : नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि राजग के लोगों को बिहार का विकास न पच रहा है और न दिखाई दे रहा है। राजग के सभी नेता झूठ बोलने में माहिर हैं।
जागरण टीम, पटना। राजग के लोगों को बिहार का विकास न पच रहा है और न दिखाई दे रहा है। राजग के सभी नेता झूठ बोलने में माहिर हैं। बिहार में नेता की कमी है, इसलिए मुख्यमंत्री के उम्मीदवार की घोषणा नहीं की जा रही।
बिहार में भी दिल्ली की तरह राजग का सफाया हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि आज तक कोई ऐसा प्रधानमंत्री नहीं हुआ, जो बिहार चुनाव को प्रतिष्ठा बनाकर इतनी रैलियां करे। बिहार में कनफुंकवा की टोली घूम रही है, सतर्क हो जाएं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को रोहतास, कैमूर और गया जिला में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। कहा कि बिहार के विकास को और गति दी जाएगी। बिहार को कोई बाहरी नहीं, बिहारी चलाएगा।
कहा कि हमने वादे के अनुसार प्रदेश में बिजली व्यवस्था को मजबूत किया। उसका फायदा लोकसभा चुनाव में राजग को मिला। आज देश सूखा से ग्रस्त है। किसान त्रस्त है, लेकिन प्रधानमंत्री और उनके मंत्री को उसकी चिंता नही है। ये प्रदेश पर कब्जा करने में लगे हुए हैं।
नीतीश ने कहा कि ये लोग भ्रष्टाचार की बात करते हैं। पिछले दिनों हमने सोशल मीडिया पर एक मंत्री को पैसे लेते देखा और हमने उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उनकी उम्मीदवारी रद कर दी।
दूसरी तरफ भाजपा नेता के पास दो करोड़ रुपये पकड़े जाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें मंत्री बनाकर इनाम देते हैं। भाजपा आरएसएस का मुखौटा है। उसके मुखिया मोहन भागवत आरक्षण खत्म करने की बात करते हैं। जो आरएसएस बोलता है वही भाजपा करती है। आरक्षण को बचाना है तो भाजपा को वोट न दें।