लालू की रैली मेंं शामिल होने पर शरद के खिलाफ होगा कठोर फैसला
बिहार में सीएम हाउस में जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में आगामी रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में शरद यादव सभी के निशाने पर रहे।
पटना [जेएनएन]। जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के एक दिन पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की अध्यक्षता में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की बैठक मुख्यमंत्री आवास में हुई। बैठक में शनिवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में लिए जाने वाले राजनीतिक, सामाजिक व आर्थिक प्रस्तावों के साथ-साथ बागी तेवर अख्तियार किए शरद यादव पर भी चर्चा हुई।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बैठक के बाद यह कहा कि अगर 27 तारीख की राजद की रैली में शरद यादव लालू प्रसाद के साथ मंच साझा करते हैैं तो यह बर्दाश्त नहीं होगा। पार्टी तुरंत कठोर निर्णय लेगी।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जो राजनीतिक प्रस्ताव लिए जाने हैैं उसमें सबसे प्रमुख है जदयू के एनडीए में शामिल होने का प्रस्ताव। इसके अतिरिक्त एनडीए की नीतियों के समर्थन का प्रस्ताव भी लिया जाएगा। सामाजिक प्रस्ताव में दहेजबंदी व बाल विवाह के खिलाफ चलने वाले अभियान पर चर्चा हुई।
इसके अतिरिक्त पार्टी के स्तर पर पौधरोपण से संबंधित अभियान का प्रस्ताव भी लिया जाएगा। आर्थिक प्रस्ताव में बिहार के लिए प्रधानमंत्री पैकेज और विशेष राज्य के दर्जे पर भी चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिहार में सोलह जिलों में आयी बाढ़ पर भी चर्चा हुई। राष्ट्रीय परिषद के केवल तीन सदस्यों ने शुक्रवार को हुई बैठक में हिस्सा नहीं लिया। इनमें जावेद रजा, एमवी श्रेयंस कुमार और अरुण श्रीवास्तव शामिल हैैं।
जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को सुबह साढ़े दस बजे मुख्यमंत्री आवास में होगी। बैठक में लगभग 70 सदस्य शामिल होंगे। बारह बजे जदयू राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी। इसमें 145 सदस्य शामिल होंगे। इसके बाद शाम तीन बजे रवींद्र भवन में खुला अधिवेशन होगा।