मन का नहीं मजबूरी का गठबंधन है 'महागठबंधन' : सुषमा स्वराज
विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए के लिए चुनाव प्रचार करने के लिेए आयोजित जनसभाओं के सिलसिले में केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज आज बिहार के बिहपुर, रोसड़ा व समस्तीपुर मेें थीं। वहां आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में एनडीए की ही सरकार बनेगी।
पटना । विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए के लिए चुनाव प्रचार करने के लिेए आयोजित जनसभाओं के सिलसिले में केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज आज बिहार के बिहपुर, रोसड़ा व समस्तीपुर मेें थीं। वहां आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में एनडीए की ही सरकार बनेगी।
बिहपुर विधान सभा के भाजपा प्रत्याशी ई. शैलेन्द्र के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा बिहार का चुनाव स्थिरता व विकास के लिए लड़ा जा रहा है। इस बार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
इसके बाद रोसड़ा में अपनी दूसरी चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सुषमा स्वराज ने महागठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन मन का नहीं, मजबूरी में किया गया गठबंधन है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन चुनाव से पहले टूट सकता है, चुनाव के बाद तो टूटेगा ही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि किसी भी गठबंधन में अपने समर्थन की सरकार को कभी चलने नहीं देती। मुलायम सिंह जी ने इस बात को भांपते हुए ही इससे खुद को अलग कर लिया। वो समझदार निकले।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जब भी गठबंधन की सरकार बनाई है, वो चली है। इस बार बिहार में भी हम केन्द्र की तरह ही एक अच्छी और टिकाऊ सरकार बनाएंगे। हमारी सरकार गरीबों के लिए समर्पित है। हमारा मुद्दा बिहार का विकास है। इस बार बिहार में विकास की बयार बहेगी।
सुषमा ने कहा, भाजपा बिहार के विकास के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने अपील की कि लोग बिहार के विकास में सहयोग करें और एनडीए को बहुमत दिलाएं।