पटना: जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने भांजी लाठियां, कई घायल
नोटबंदी और बेनामी संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने जमकर लाठियां भाजीं जिससे कई लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं।
पटना [जेएनएन]। राजधानी के गांधी मैदान के जेपी गोलम्बर के नजदीक मंगलवार को जनाधिकार पार्टी के नेता और कार्यकर्ता केंद्र सरकार के बेनामी संपत्ति और कालेधन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान जन अधिकार पार्टी (जाप) के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई।
जाप कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दिया। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए वाटर कैनन चलाया तो कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पथराव के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और जाप कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पुलिस ने बेकाबू हुई भीड़ पर जमकर लाठियां बरसाईं जिससे कई लोग घायल हो गए।
पहले पुलिस ने बेकाबू भीड़ को रोकने के लिए वाटर कैनन का प्रयोग किया उसके बाद हालत बिगड़ता देख पुलिस ने जमकर लाठियां भाजीं, जिससे कई कार्यकर्ताओं के सिर पर गहरी चोट लगी है।कई लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं।
नोटबंदी, कालाधन और करप्शन के मुद्दे पर मंगलवार को जाप ने विरोध मार्च निकाला था। सांसद पप्पू यादव इस मार्च का नेतृत्व कर रहे थे। कारगिल चौक पर बड़ी संख्या में जाप के कार्यकर्ता जुटे और यहां से मार्च राजभवन के लिए निकला। जेपी गोलंबर पर पुलिस ने मार्च को रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगा रखी थी।
बिहार में बिछ रही यूपी चुनाव की बिसात, कौन देगा शह - कौन देगा मात
पुलिस द्वारा रोके जाने से जाप के कार्यकर्ता उग्र हो गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ धक्का मुक्की शुरू कर दी। जल्द ही कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई है। रैपिड एक्शन फोर्स को बुलाया गया है। सीटी एसपी चंदन कुशवाहा भी स्थिति को संभालने में जुटे हैं।
पप्पू यादव ने कहा कि पुलिस की लाठीचार्ज से हमारा एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल है। इसके साथ ही सात अन्य लोगों के सिर फोड़ दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लाठी के बल पर हमारे आंदोलन को दबाना चाहती है, लेकिन ऐसा नहीं होने वाला है। गरीबों को उनका हक दिलाने तक आंदोलन जारी रहेगा।