लालू का बड़ा बयान, चुनाव से पहले होगा एक झंडा, एक निशान व एक नेता
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा कि विधान सभा चुनाव से पहले पुराने जनता दल परिवार के छह दलों राजद, जदयू, सपा, जदएस, भालोद, रासपा का विलय हो जाएगा। इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस सहित अन्य दलों के साथ गठबंधन होगा।
पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा कि विधान सभा चुनाव से पहले पुराने जनता दल परिवार के छह दलों राजद, जदयू, सपा, जदएस, भालोद, रासपा का विलय हो जाएगा। इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस सहित अन्य दलों के साथ गठबंधन होगा। एक झंडा,एक निशान व एक नेता देश की मांग है। राजद के संगठनात्मक चुनाव से विलय में कोई दिक्कत नहीं है। इससे नए दल को ताकत मिलेगी। लालू भाजपा पर जमकर बरसे। कहा हमारा एकमात्र लक्ष्य भाजपा को शिकस्त देना है। विलय से पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देकर हमने अपनी एकजुटता भी दिखाई है। आगे का काम भी चल रहा है।
लालू ने बुधवार को दिल्ली से पटना पहुंचने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे। उन्होंने 5 अप्रैल को राजद की प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के संबंध में कहा कि इस दिन संगठनात्मक चुनाव के कार्यक्रम तय होंगे। देश के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों को विस्तार से रखा जाएगा। विलय को लेकर प्रक्रिया शुरू है। कोई संशय नहीं है। विलय से ही जनता का विश्वास हासिल होता है। गठबंधन प्रभावकारी नहीं होता है। विलय के लिए जिला स्तर से प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। विलय कभी व किसी दिन भी हो सकता है। इसकी तिथि बताना मुश्किल है। इतना तय है कि चुनाव से पहले हो जाएगा। राजद के संगठनात्मक चुनाव पर कहा कि चुने गए पार्टी के पदाधिकारियों में से ही नयी पार्टी के अध्यक्ष,उपाध्यक्ष, महामंत्री ,संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष व कार्यकारिणी के सदस्य बनाए जाएंगे। दलों के बीच संतुलन कायम रखते हुए पदों का बंटवारा हो जाएगा। लालू ने कहा कि मुझे नए दल में कोई पद नहीं भी मिलेगा तो काम करूंगा। हमलोगों में अहम का टकराव नहीं होगा। निशाने पर भाजपा है। दिल्ली की जनता ने आप पार्टी को नहीं बल्कि भाजपा के खिलाफ मतदान किया। उन्होंने आप पार्टी से गठबंधन के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि मुझे थिंक टैंक की जरूरत नहीं है। व्यवस्था परिवर्तन के लिए जेपी आंदोलन हुआ। उसका जो हश्र हुआ वही आप पार्टी का हो रहा है।
उन्होंने कहा कि विलय के बाद जीतन राम मांझी द्वारा जदयू को बनाए रखने पर कहा कि जदयू का चुनाव चिह्न तो चुनाव आयोग द्वारा जब्त (फ्रीज) हो जाएगा। उन्होंने तृतीय श्रेणी में झारखंड के बाहर के लोगों को नौकरी से वंचित रखने संबंधित झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास की घोषणा पर कहा कि वे शिवसेना की बोली बोल रहे हैं। लालू ने केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू द्वारा सुशील कुमार मोदी के नेतृत्व में विधान सभा का चुनाव लडऩे की बात पर कहा कि झारखंड में जब वैश्य मुख्यमंत्री हैं तो बिहार में सुशील मोदी किस आधार पर मुख्यमंत्री बनेंगे।