कल गांधी मैदान में दिखेगा लालू-नीतीश का स्वाभिमान, हाई अलर्ट जारी
गांधी मैदान में 30 अगस्त को प्रस्तावित 'स्वाभिमान रैली' को लेकर तीनों दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी टीम के साथ तैयारियों का जायजा लिया। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के लिए भी यह करो या मरो की स्थिति है।
पटना। गांधी मैदान में 30 अगस्त को प्रस्तावित 'स्वाभिमान रैली' को लेकर तीनों दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी टीम के साथ तैयारियों का जायजा लिया। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के लिए भी यह करो या मरो की स्थिति है। यही कारण है कि भीड़ जुटाने के लिए लालू दिन-रात एक किए हुए हैं।
पटना में जगह-जगह तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। भीड़ के ठहरने के लिए गांधी मैदान के साथ महागठबंधन के विधायक एवं अन्य नेताओं की ओर से भी अलग-अलग व्यवस्था की जा रही है। लालू-नीतीश खुद नजर रख रहे हैं।
पटना के आस-पास के जिलों में लगभग सारी छोटी गाडिय़ां बुक कर ली गई हैं। वैसे तो पूरे प्रदेश में प्रचार किया जा रहा है, लेकिन लालू का मानना है कि पटना के आस-पास के जिलों से ज्यादा लोग पहुंचेंगे। गंगा पार के तटवर्ती शहरों से नाव की व्यवस्था भी की जा रही है। लालू खुद प्रतिदिन दौरा कर लोगों को रैली में आने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। वह नुक्कड़ सभाओं और रोड-शो के जरिए लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। लोक कलाकारों की भी मदद ले रहे हैं।
जिला प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट
जिला प्रशासन ने गांधी मैदान इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सभी गेटों पर दंडाधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। चिकित्सा के साथ पेयजल का इंतजाम किया गया है। डीएम संजय कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को योगदान देने के तुरंत बाद सिटी एसपी के साथ गांधी मैदान का जायजा लिया। मैदान के चारों ओर वाहनों का पड़ाव रोक दिया गया है। ठेला-रिक्शा और फुटपाथी दुकानें नहीं लगाए जाएंगे।
सभी गेट पर डॉक्टर और दवाई
मैदान के आठों गेट पर दवा के साथ डॉक्टर और पारा मेडिकल स्टाफ शिविर में मौजूद रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष, वेटनरी कॉलेज और मीठापुर बस पड़ाव के पास एंबुलेंस तैयार रहेंगे। पीएमसीएच समेत सभी मेडिकल कॉलेजों और सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
गांधी मैदान में प्रवेश
स्टेट बैंक के सामने गेट से मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय नेता और मंचासीन होने वाले सांसद प्रवेश करेंगे। बिस्कोमान भवन के सामने वाले गेट से विधायक, विधान पार्षद और अन्य गण्यमान्य का प्रवेश होगा। मीडिया का प्रवेश संत जेवियर स्कूल के सामने स्थित गेट से होगा। अन्य गेट से कार्यकर्ताओं का प्रवेश होगा।
मुश्किल में डायल करें :
जिला नियंत्रण कक्ष -2219810
- 2219234
पुलिस नियंत्रण - 2219131
- 2201977
- 2201978
- 100