Result Scam: खगड़िया की कीर्ति को मिला हक, बनी इंटर आर्ट्स की टॉपर
रिजल्ट घोटाला सामने आने के बाद रूबी राय का रिजल्ट रद होने के बाद महेशखूंट खगड़िया के शारदा गिरधारी इंटर कॉलेज की कीर्ति भारती को इंटर आर्ट्स का टॉपर घोषित किया गया है।
खगडिय़ा : खगडिय़ा की बेटी कीर्ति भारती बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित इंटरमीडिएट आर्ट्स 2016 की टॉपर बन गई है। मेरिट घोटाला सामने आने के बाद जब रूबी रॉय का रिजल्ट रद किया गया तब कीर्ति को उसका सम्मान मिला। कीर्ति भारती शारदा गिरधारी महाविद्यालय महेशखूंट खगड़िया की छात्रा है। इससे पहले वह इंटर टॉपरों की लिस्ट में 408 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर थी।
टॉपर बनने के बाद कीर्ति और उनके परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं है। कीर्ति इसका बड़ा श्रेय मीडिया को देती है, वहीं 'दैनिक जागरण' को भी उसने 'थैंक यू' कहा। कीर्ति ने कहा कि इस पूरे मामले में मीडिया की भूमिका अहम है। मीडिया ने बिहार में शिक्षा के घोटालेबाजों को आईना दिखाया है।
कीर्ति ने कहा कि टॉपर बनने पर उसे काफी अच्छा लग रहा है। गलत को सामने लाया गया और सही को सही स्थान मिला। कीर्ति कलेक्टर बनना चाहती है। उसकी आइडियल 2014 की यूपीएससी टॉपर ईरा सिंघल है। कीर्ति ने 2014 में दीप नारायण रामकृष्ण इंटर विद्यालय, कोयला-बसुआ से 368 अंकों के साथ मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
पढ़ेंः Result Scam: विक्षिप्त जैसी हरकतें कर रही थी रूबी, पहले रोई फिर लगाए ठहाके
जांच परीक्षा में दिए सवालों के सही जवाब
कीर्ति भारती मानसी प्रखंड के पश्चिमी ठाठा पंचायत अंतर्गत राजाजान गांव निवासी विश्वंभर प्रसाद की पुत्री है। उसके पिता पेशे से शिक्षक हैं जो बापूजी स्मारक मध्य विद्यालय मानसी में पदस्थापित हैं। तीन पुत्रियों में कीर्ति सबसे बड़ी है। कीर्ति ने बताया कि तीन जून को दोबारा ली गई परीक्षा में उसने सभी लिखित व मौखिक सवालों के जवाब दे दिए। इसका परिणाम सामने आया है।
कीर्ति ने रांची के साईंनाथ विश्वविद्यालय से बीए-बीएड का इंटीग्रेटेड कोर्स करने का निर्णय लिया है। कीर्ति के पिता विश्वंभर प्रसाद कहते हैं कि इससे महज चार वर्ष में बीए व बीएड दोनों हो जाएंगे और कीर्ति को एक साल यूपीएससी की तैयारी का मौका मिल जाएगा।
पढ़ेंः Result Scam; रूबी बोली-मैं को 2nd Division चाहती थी, चाचा ने तो टॉप करा दिया
छह से सात घंटे तक पढ़ाई करती थी कीर्ति
कीर्ति स्कूल के अलावा छह से सात घंटे तक पढ़ाई करती थी। इतिहास और अंग्रेजी उसके प्रिय विषय हैं। कीर्ति का कहना है कि पढ़ाई के साथ-साथ प्रैक्टिस भी जरूरी है। उसने इसके लिए मॉडल टेस्ट का सहारा लिया था। कीर्ति कहती है कि प्रैक्टिस से सिलेबस को समझने में आसानी होती है।
जब उससे बिहार के मौजूदा हालात के बारे में पूछा गया तो वह टाल गई। कहा कि सबको अपनी मेहनत के बल पर आगे बढऩा चाहिए। कीर्ति ने बताया कि उसके पापा-मां और शिक्षक ने उसका काफी उत्साहवद्र्धन किया। कीर्ति की छोटी बहनों में मधु भारती आठवीं और सुधा भारती नर्सरी में पढ़ रही है।