पटना में अपराधी बेखौफ- थाने में घुसकर दबंगो ने की पिटाई, हालत गंभीर
जदयू कार्यकर्ता की पत्रकार नगर थाने में जमकर पिटाई की गई। आरोप है कि दबंगों ने थाने में पूरी रात पीड़ित की पिटाई की, जिसके कारण सुबह उसकी हालत बिगड़ गई। पीड़ित के बेहोश होने के बाद थाना पुलिस के होश उड़ गए।
पटना। जदयू कार्यकर्ता पप्पू साहनी की पत्रकार नगर थाने में जमकर पिटाई की गई। आरोप है कि दबंगों ने थाने में पूरी रात पीड़ित की पिटाई की, जिसके कारण सुबह उसकी हालत बिगड़ गई। पीड़ित के बेहोश होने के बाद थाना पुलिस के होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां हालत गंभीर बनी हुई है। सैकड़ों लोगों ने पत्रकार नगर थाना घेर लिया है। बड़ी संख्या में थाने के आसपास फोर्स तैनात की गई है। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
पप्पू साहनी की मुन्नाचक में एक जमीन है। कुछ लोगों ने उस पर कब्जा कर लिया है। कब्जे को लेकर पीड़ित और आरोपियों के बीच रविवार की शाम कहासुनी हुई, जिसके बाद कब्जा करने वालों ने गोली और बम से उस पर हमला बोल दिया। किसी तरह बचते हुए पप्पू साहनी पत्रकार नगर थाने पहुंचा तो पुलिस ने उसे ही हवालात में बंद कर दिया। परिजनों की माने तो देर रात जमीन पर कब्जा करने वाले दबंग थाने पहुंचे और पप्पू साहनी की पूरी रात पिटाई की। इससे सुबह होते-होते उसकी हालत बिगड़ गई और बेहोश हो गया। हालत ज्यादा खराब देख पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जानकारी जब मुहल्ले वालों को हुई तो उन्होंने थाने का घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी।