बंपर टॉपर निकालने वाले इंटर कॉलेज की मान्यता होगी रद
वैशाली के भगवानपुर स्थित विशुन देव राय इंटर कॉलेज की मान्यता समाप्त हो सकती है। कॉलेज पर इंटर की परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी कराने का आरोप है। शिक्षा मंत्री पीके शाही ने कॉलेज का इंटर साइंस का रिजल्ट रोकते हुए बोर्ड को जांच करने का आदेश दिया था।
पटना। वैशाली के भगवानपुर स्थित विशुन देव राय इंटर कॉलेज की मान्यता समाप्त हो सकती है। कॉलेज पर इंटर की परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी कराने का आरोप है। शिक्षा मंत्री पीके शाही ने कॉलेज का इंटर साइंस का रिजल्ट रोकते हुए बोर्ड को जांच करने का आदेश दिया था।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष प्रो. लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि विशुन देव राय इंटर कॅालेज की कॉपियों की जांच कराई जा रही हैं। परीक्षा में गड़बड़ी के संकेत मिले हैं। इसके लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति कॉलेज के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। कॉलेज की मान्यता समाप्त करने पर विचार हो रहा है।
फिर से हो सकती परीक्षा : विशुन देव राय इंटर कॉलेज के 1007 परीक्षार्थियों की परीक्षा दोबारा हो सकती है। समिति अभी कई बिन्दुओं पर विचार कर रही है। बोर्ड जल्द ही अन्तिम रूप से निर्णय ले सकती है।
बदल सकती टॉपरों की सूची : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष प्रो. लालकेश्वर प्रसाद सिंह का कहना है कि विशुन देव राय इंटर कॉलेज के छात्रों के साथ-साथ 4414 परीक्षार्थियों का रिजल्ट घोषित नहीं किया गया है। इनकी कॉपियों की जांच चल रही है। जांच के बाद इसमें से भी कई टॉपर निकल सकते हैं। टॉपरों की सूची बदली जा सकती है।
क्या है मामला : वैशाली के भगवानपुर स्थित विशुन देव राय इंटर कॉलेज से इस वर्ष इंटर की परीक्षा में 1007 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इसमें से 222 छात्रों को एक समान अंक मिले हैं। अधिकतर छात्रों ने टॉपरों की सूची में स्थान प्राप्त कर लिया था। रिजल्ट को देखकर शिक्षा मंत्री पीके शाही दंग रह गए और तत्काल इस पर रोक लगाकर जांच करने का निर्देश दिया।