बाढ़ प्रभावित इलाकों तक नहीं पहुंच रही स्वास्थ्य सेवा
बाढ़ से घिरे दियारा के लोगों तक न राहत सामग्री पहुंच पा रही है और न ही स्वास्थ्य सेवा।
पटना। बाढ़ से घिरे दियारा के लोगों तक न राहत सामग्री पहुंच पा रही है और न ही स्वास्थ्य सेवा। उर्मिला देवी नकटा दियारा से दीघा पाटली घाट इलाज कराने शनिवार को आई। उसके कान में दर्द था। उसने बताया कि नकटा दियारा में अब तक प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवा का उपलब्ध नहीं कराया गया है। मजबूरन लोगों को शहर आना पड़ रहा है। गंभीर मरीजों को बाढ़ प्रभावित इलाके से लाने की व्यवस्था नहीं है।
नकटा दियारा छितरचक टोला के भृगुनाथ राय की बेटी और बेटा बीमार है। वे दीघा पोस्टऑफिस रोड शिविर में आकर दवा लेकर गए। बताते हैं कि नकटा दियारा में अब तक चिकित्सक नहीं गए हैं। अबतक हमलोगों के पास इतने दिनों में महज एक दिन दो पॉकेट चूरा पहुंचा है। पशु के लिए भी चारा नहीं पहुंच पा रहा है।
अधिक दाम पर चारा खरीदने को विवश हैं पशुपालक
दीघा पाटी पुल घाट पर एक बोरा चारा खरीदकर ले जाते नकटा दियारा के वार्ड तीन में रहने वाले बिजेन्द्र राय मिले। बताने लगे एक गाय और एक भैंस रखे हैं। प्रशासन द्वारा चारा उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। इस कारण अधिक दाम पर चारा खरीदने को विवश हैं। बताया कि घर में नौ सदस्य हैं, लेकिन अब तक मात्र दो-दो किलो के चूरा का दो पैकेट राहत के नाम पर मिला है। नकटा दियारा वार्ड चार के बिरजू भी भूसा ले जाते मिले।
वहीं मनोज कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त मात्रा में राहत सामग्री उपलब्ध नहीं कराया गया है।