ग्रेस मार्क्स ने 1.75 लाख छात्रों की पार लगाई नैया
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने ग्रेस मार्क्स देकर बड़ी संख्या में फेल छात्रों का बेरा पार कर दिया।
पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने ग्रेस मार्क्स देकर बड़ी संख्या में फेल छात्रों का बेरा पार कर दिया। बोर्ड ने कोई निश्चित आकड़ा देने से मना कर दिया मगर सूत्रों की मानें तो लगभग एक लाख 75 हजार परीक्षार्थियों को ग्रेस मार्क्स का लाभ मिला है। सूत्रों के अनुसार एक विषय में फेल 90 हजार से अधिक परीक्षार्थियों को इसका लाभ मिला है। कई परीक्षार्थी ऐसे भी थे जो दो-दो विषयों में फेल थे मगर ग्रेस मार्क्स ने उनकी भी नैया पार कर दी है। तीन विषय में असफल परीक्षार्थियों को ग्रेस मार्क्स का लाभ नहीं दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार एक विषय में 22 अंक प्राप्त करने वाले छात्र पास कर दिए गए हैं। वहीं, दो विषयों में 25 या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले परीक्षार्थियों को ग्रेस मार्क्स का लाभ दिया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि बोर्ड के नियमों के अनुसार ही ग्रेस मार्क्स दिए गए हैं। रिजल्ट की गोपनीयता के कारण ग्रेस मार्क्स को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है। ग्रेस मार्क्स का लाभ आगामी परीक्षाओं में भी देने का मन बोर्ड ने बना लिया है। अगले साल से मैट्रिक के साथ-साथ इंटर के परीक्षार्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा। ग्रेस मार्क्स के बाबत बोर्ड के नियमों में संशोधन के लिए विभाग से मार्गदर्शन मांगा था। विभाग से हरी झंडी मिलने के बाद रिजल्ट को अपडेट किया गया।