बकरी का न्याय, मालिक को पहचान कर पुलिस की परेशानी हल कर दी
एक बकरी को लेकर दो महिलाएं आपस में भिड़ गईं। दोनों बकरी को लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने तरकीब निकाली और बकरी ने ही अपनी मालकिन का फैसला खुद कर लिया।
By Kajal KumariEdited By: Published: Mon, 27 Feb 2017 10:55 AM (IST)Updated: Mon, 27 Feb 2017 10:57 PM (IST)
पटना [जेएनएन]। बाढ़ थाने में पुलिस के पास रविवार को एक अजीबोगरीब केस पहुंचा। दो महिलाएं एक बकरी को लेकर पहुंची और थाने में ही झगड़ने लगीं। दोनों महिलाएं बकरी पर अपना दावा जता रही थीं। पुलिस भी यह देखकर पशोपेश में थी कि क्या करें?
फिर पुलिस की मौजूदगी में असली मालिक की तलाश शुरू हुई और इसका फैसला बकरी पर छोड़ दिया गया। आखिरकार बेजुबान उस जानवर ने अपने मालिक को पहचान लिया और उसने खुद ही अपने असली पालनहार के पास खुद जाकर फैसला कर दिया, जिससे पुलिस ने राहत की सांस ली।
ये था मामला
हुआ यूं कि एक व्यक्ति बकरी खरीदकर ले जा रहा था। तभी एक महिला ने उस बकरी देखा और खुद की बकरी बताकर उससे बकरी छीनने लगी। खरीदार बेचारा असमंजस में पड़ गया। उसने बताया कि उसने बकरी एक महिला से खरीदी है। इसी को लेकर खरीदार, बेचने वाली महिला और असली मालकिन के बीच जमकर विवाद हुआ, तीनों बकरी को लेकर थाने पहुंचे।
पुलिस भी इस मामले को देख-सुनकर परेशान हो गई, फिर पुलिस ने एक तरकीब निकाली, पुलिस कर्मी ने दोनों महिलाओं से कहा कि बुलाने पर जिसके पास बकरी जाएगी, वह उसी की मानी जाएगी। दोनों महिलाओं ने बकरी को बुलाया।
खरीदार को पकड़कर अपना दावा जताने बाली महिला के बुलाते ही बकरी उसके पास पहुंच गई। असली मालकिन के पास पहुंचने के बाद दूसरी महिला को पुलिस ने डांटकर छोड़ दिया। उस बेजुबान बकरी ने मिनटों में पुलिस की समस्या का समाधान कर दिया।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें