बोले गिरिराज- हिंदू एक हो जायें तो खत्म हो जायेगी सांप्रदायिकता, सियासत गर्म
गिरिराज ने सिंह कहा कि जिस दिन भारत में हिंदू एक हो जायेंगे उसी दिन देश से सांप्रदायिकता खत्म हो जायेगी। गिरिराज के इस बयान से सियासत गर्म हो गई है।
पटना [जेएनएन]। केंद्रीय मंत्री और नवादा से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि जिस दिन देश के हिंदू एक हो जायेंगे, उस दिन भारत से सांप्रदायिकता खत्म हो जायेगी। उनके इस बयान के बाद बिहार में सियासत गर्म हो गई है। विरोधियों ने शब्दवाण चलाने शुरू कर दिये हैं।
गिरिराज सिंह ने कहा कि देश में जहां भी हिंदू बहुसंख्यक और मुसलिम अल्पसंख्यक हैं, वहां चाचा, भैया, दीदी, चाची जैसे शब्दों का उपयोग होता है। समाजिक एकता और सामंजस्य बना रहता है। शांति बनी रहती है। लेकिन जहां मुसलिम बहुसंख्यक हो जाते हैं, वहां समाजिक समरसता समाप्त होने लगती है। अपराध बढ़ जाते हैं।
गिरिराज सिंह के इस बयान पर जदयू नेता श्याम रजक ने कहा कि देश संविधान से चलता है, मनुवाद से नहीं। गिरिराज सिंह जैसे लोग ही देश की एकता और अखंडता को बिगाड़ने का काम करते हैं। समाज में हिंसा फैलाते हैं।
कांग्रेस नेता सदानंद सिंह ने गिरिराज सिंह के बयान पर विरोध जताते हुए कहा कि ये कट्टर हिंदूवादी हैं। हमेशा धर्मनिरपेक्षता के विपरित काम करते हैं और बयान देते हैं।