डीके शुक्ला बनेंगे प्रधान मुख्य वन संरक्षक
पटना। राज्य का प्रधान मुख्य वन संरक्षक डीके शुक्ला को बनाया जाएगा। हालांकि अभी आदेश जारी ह
पटना। राज्य का प्रधान मुख्य वन संरक्षक डीके शुक्ला को बनाया जाएगा। हालांकि अभी आदेश जारी होने का इंतजार किया जा रहा। शुक्ला पर्यावरण एवं वन विभाग में सबसे वरीय अधिकारी हैं। पर्यावरण एवं वन मंत्री पीके शाही के बाहर होने के कारण इस संबंध में कार्रवाई रुक गई है। प्रक्रिया अगले सप्ताह तक पूरी होने की संभावनाएं हैं। मंत्री के यहां से प्रस्ताव मुख्यमंत्री के पास जाएगा। उसके बाद निर्वाचन आयोग के पास अनुमति के लिए भेजा जाएगा।
बताते चलें कि बुधवार को प्रधान मुख्य वन संरक्षक रहे बीए खान के सेवानिवृत्त हो जाने के बाद पद रिक्त हो गया है। हाल ही में हुई डीपीसी बैठक में एसएस चौधरी को अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक के पद पर प्रोन्नति देने का फैसला हो गया है। इससे एसएस चौधरी अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक विकास बन जाएंगे। अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक स्तर के दो अधिकारी एसके सिंह और मुरारजी मिश्रा पहले से हैं। डीपीसी में उमाशंकर झा को भी प्रोन्नति देने का फैसला लिया गया है। इन तीनों अधिकारियों में से एक को राज्य का मुख्य वन्य प्राणी प्रतिपालक बनाया जाएगा। इसके अलावा डीपीसी की बैठक में भारतीय वन सेवा के दर्जनों अधिकारियों को भी प्रोन्नति देने का फैसला लिया गया है।