तेजस्वी और तेज प्रताप के गार्ड्स ने महिला और उसकी बेटी से की छेड़खानी
बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप के गार्ड्स पर छेड़खानी और लूटपाट करने का आरोप लगा है। एक महिला ने थाने में एफआइआर दर्ज करायी है।
पटना [जेएनएन]। बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव एवं स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों पर दिनदहाड़े घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट, छेड़खानी व लूटपाट करने का आरोप लगा है।
आरोपी दोनों सुरक्षा कर्मियों के परिजनों ने भी तीन लोगों के खिलाफ चोरी का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों के मामले दर्ज कर छानबीन में जुट गयी है।
पुलिस के अनुसार रानीतलाब थाना क्षेत्र के महेन्द्र नगर गांव निवासी शंकर यादव की पत्नी मंतु देवी बुधवार को थाना पहुंची और कहा कि सुबह 8 बजे वह अपने घर में देवरानी की बच्ची के साथ घरेलू काम कर रही थी कि तभी गांव के अमलेश यादव एवं नीतीश कुमार दोनों घर में घुस गए। दोनों नाबालिग आठ वर्षीय बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने लगे. इसका विरोध करने पर मेरे साथ भी छेड़खानी की।
जब मैंने शोर मचाई तो अमलेश कुमार ने मेरे ऊपर पिस्तौल से फायर किया, जो मिस्ड कर गयी और मैं जान बचाकर भागने लगी। तभी नीतीश कुमार ने मेरे कान से सोने की बाली छीन लिया। शोर गुल सुनकर खेत में काम कर रहे मेरे परिवार वाले आए तो अमलेश कुमार, नीतीश कुमार, राजेन्द्र यादव, अनिल कुमार ने घर में घुसकर महिलाओं-बच्चों के साथ मारपीट की और हजारों का सामना लूट लिया।
वहीं आरोपी अमलेश के पिता सीताराम यादव उर्फ राजेन्द्र यादव ने बीते रात अपने घर में चोरी किए जाने को लेकर पीड़िता के देवर हरेराम यादव एवं गांव के रामविनेश यादव व राम बचन यादव के खिलाफ लाखों रुपये की संपति चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों तरफ से मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
थानाध्यक्ष प्रभात कुमार शरण ने बताया कि दोनों ओर से अलग-अलग केस दर्ज कराया गया है। अमलेश के पिता राजेन्द्र यादव की ओर से पहले प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है, जबकि महिला द्वारा बाद में। पुलिस द्वारा घटना की छानबीन की जा रही है।
यह भी पढ़ें: IRCTC ने शुरू की नई सर्विस, अब 'उधार' में भी बुक करा सकेंगे रेल टिकट
पीड़िता मंतु देवी द्वारा दर्ज एफआईआर में महेन्द्र नगर निवासी अमलेश कुमार एवं बेरर गांव निवासी अनिल कुमार को आरोपी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि अमलेश कुमार विशेष शाखा में है और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की सुरक्षा में तैनात रहता है। वहीं आरोपी अनिल कुमार स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव का सुरक्षा कर्मी है।
यह भी पढ़ें: नौकरी चाहिए तो ये खबर है आपके लिए, रेलवे में होगी 20 हजार बहाली