जागरण वूमेन एचीवर्स अवार्ड में महिलाओं ने कहा ...बहुत कुछ पाया, बहुत है बाकी
दैनिक जागरण ने 'वूमेन एचीवर्स अवार्ड' के तहत उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्घाटन शिक्षा मंत्री अशाेक चौधरी ने किया।
पटना [जेएनएन]। बहुत कुछ पाया है, लेकिन अभी काफी पाना है। पुरुष प्रधान समाज में बेटियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्हें भी समाज में बराबर की भागीदारी चाहिए। ये बातें शनिवार की रात दैनिक जागरण द्वारा आयोजित वूमेन एचीवर्स अवार्ड 2016 में राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में अपने जज्बे से मंजिल हासिल करने वाली महिलाओं ने कहीं।
तेजी से आगे बढ़ रहीं बेटियां
सम्मान समारोह का उद्घाटन शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने दीप जलाकर किया। उन्होंने कहा कि सूबे में बेटियां तेजी से आगे बढऩे के लिए कदम बढ़ा रही हैं। समाज के हर क्षेत्र में उनकी पहचान बन रही है। राज्य की दसवीं की परीक्षा में लड़कों से ज्यादा लड़कियां शामिल हो रही हैं। यह सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा उदाहरण है। यह हमारे लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के समर्थन में कई महापुरुषों ने लंबी सामाजिक लड़ाई लड़ी। उन्होंने महिलाओं को सम्मानित कर आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया।
रियो में बेटियों ने ही बचाई लाज
अतिथियों का स्वागत करते हुए दैनिक जागरण के एसोसिएट एडिटर सद्गुरु शरण अवस्थी ने कहा कि हमारी बेटियां देश व दुनिया में सफलता हासिल कर रही है। उन्होंने कहा कि रियो ओलंपिक में जब भारत निराशा के दौर से गुजर रहा था, तब बेटियों ने ही लाज बचाई और पदकों की तालिका में भारत का नाम जुड़ा।
उन्होंने कहा कि दैनिक जागरण हमेशा महिलाओं का सम्मान करता रहा है। उसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए दैनिक जागरण ने वूमेन एचीवर्स अवार्ड देने का निर्णय लिया है।
महिलाओं के विकास से ही सभ्य समाज की रचना
कार्यक्रम के विषय वस्तु पर दैनिक जागरण के मार्केटिंग एरिया मैनेजर जयप्रकाश ने विस्तार से प्रकाश डाला।
समारोह में आए अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापन करते हुए दैनिक जागरण के मुख्य महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी ने कहा कि महिलाओं के विकास से ही सभ्य समाज की रचना की जा सकती है। जागरण की यह पहल विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठ कर रहीं महिलाओं को प्रोत्साहित करने की है।
इन्हें किया गया सम्मानित
इस अवसर पर कला-संस्कृति, संगीत, मनोरंजन, फैशन, खेलकूद, भ्रमण एवं रोमांच, व्यवसाय, समाजसेवा, चिकित्सा, पोषण, राजनीति, वूमेन इन यूनिफार्म, शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक, कानून एवं साहित्य में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इन्होंने किया सम्मानित
समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. सीपी ठाकुर, जागरण संगिनी क्लब की अध्यक्ष मोनी त्रिपाठी, जागरण बागवान क्लब के अध्यक्ष श्याम जी सहाय, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के वरीय क्षेत्रीय प्रबंधक प्रवीण मिश्र, भारतीय संचार निगम लि.के मुख्य महाप्रबंधक किशोर कुमार, आलियाज होम के प्रबंध निदेशक डी. आलिया, अंशुल होम्स प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने महिलाओं को सम्मानित किया।
ये भी थे शामिल
कार्यक्रम में आइएएस अधिकारी गंगा कुमार, नाबार्ड के सीजीएम आरके दास, विधान परिषद के अवर सचिव संदीप शंकर, शिक्षाविद् विपिन कुमार, रियलाइज रियलकॉन के प्रबंध निदेशक पंकज, एमवे प्रशांत प्रियदर्शी, एनटीपीसी से विश्वनाथ चन्दन, कम्फेड की एमडी सीमा त्रिपाठी, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के चेयरमैन विनय कुमार एवं नेशनल इंश्योरेंस के आरएम अनुराग मिश्रा सहित कई लोग शामिल थे।