पटना-हावड़ा रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन में लूटपाट, विरोध करने पर यात्रियों को पीटा
लुटेरों ने एक बार फिर रेल यात्रियों को निशाना बनाया। पटना-हावड़ा रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों से लूटपाट की गई है। शनिवार की देर रात घटना को अंजाम दिया गया है।
पटना, जेएनएन। लुटेरों ने एक बार फिर रेल यात्रियों को निशाना बनाया। पटना-हावड़ा रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों से लूटपाट की गई है। शनिवार की देर रात घटना को अंजाम दिया गया है। आठ-दस की संख्या में लुटेरे आर्म्स से लैस थे। रविवार की सुबह जानकारी मिलते ही लोग सकते में हैं। वहीं जीआरपी लुटेरों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
बताया जाता है कि पटना-किऊल सवारी गाड़ी (63206 डाउन) में हथियारों से लैश बदमाशों ने शनिवार की देर रात सवा बारह बजे जमकर लूटपाट की। लूट के दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने यात्रियों की पिटाई भी की। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। मोकामा स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर यात्रियों ने जीआरपी से मामले की शिकायत की। यात्रियों में रेल प्रशासन के खिलाफ काफी आक्रोश था।
जानकारी के अनुसार, बाढ़ स्टेशन पर ट्रेन के रुकने के बाद आठ-दस की संख्या में रहे बदमाश सवार हो गए। ट्रेन जब पंडारक स्टेशन से आगे बढ़ी तो बदमाशों ने यात्रियों से लूटपाट करने लगे। ट्रेन में सवार कुछ यात्रियों ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी पिटाई कर दी। आधे घंटे तक लूटपाट करने के बाद सभी बदमाश मोर स्टेशन पर उतर गए। जीआरपी इंस्पेक्टर टीम के साथ लुटेरों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रहे हैं।