कांग्रेस ने नीतीश कुमार को बताया सबसे लोकप्रिय नेता
कांग्रेस उपाध्यक्ष रामचंद्र भारती और प्रदेश महासचिव डॉ. विनोद शर्मा ने गठबंधन के नेताओं से आग्रह किया है कि उन्हें नीतीश कुमार को अपना नेता बनाकर चुनाव लडऩा चाहिए।
पटना। कांग्रेस उपाध्यक्ष रामचंद्र भारती और प्रदेश महासचिव डॉ. विनोद शर्मा ने गठबंधन के नेताओं से आग्रह किया है कि उन्हें नीतीश कुमार को अपना नेता बनाकर चुनाव लडऩा चाहिए।
एक बयान जारी कर गुरुवार को कांग्रेस के दोनों नेताओं ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद, बिहार कांग्रेस के प्रभारी डॉ. सीपी जोशी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक चौधरी सहित अन्य नेताओं से आग्रह किया है कि बिहार हित में आने वाले विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नाम पर लडऩा चाहिए। भाजपा के नापाक इरादों को शिकस्त देने के लिए यह जरूरी है।
दोनों नेताओं ने कहा कि उपचुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजद, जद यू और कांग्रेस ने चुनाव लड़ा था और भाजपा को बुरी तरह से पराजित किया था। उस दौरान भाजपा अंतिम सांसे गिनने लगी थी।
दोनों नेताओं ने कहा कि हालिया कराए गए सर्वे की रिपोर्ट बताती है कि नीतीश कुमार बिहार की जनता के बीच सबसे लोकप्रिय नेता हैं। ऐसे में समय की मांग है कि गठबंधन दलों को बेहिचक नीतीश कुमार को नेता घोषित करना चाहिए। इसके साथ ही विधान सभा सीटों का बंटवारा पहले ही हो जाना चाहिये ताकि जनता में कोई भ्रम कि स्थिति न रहे। दोनों नेताओं ने कहा यह सर्वविदित है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने काफी प्रगति की है और कानून का राज स्थापित हुआ है।
सड़क, बिजली, कृषि, एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में बिहार में नयी पहचान बन पाई है, और आज बिहार आज प्रगतिशील राज्यों की श्रेणी में खड़ा है। पूरे देश में बिहारियों का मान-सम्मान बढ़ा है। दूसरी तरफ लोकसभा चूनाव में नरेन्द्र मोदी के झूठे वायदों पर वोट देने वाली जनता अपने को ठगा महसूस कर रही है। इसलिए जनता बिहार में फिर से नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है।