Move to Jagran APP

कांग्रेस का दावा, बिहार में भाजपा को सत्ता में नहीं आने देंगे

कांग्रेस ने बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता में आने से रोकने का आह्वान किया है।

By pradeep Kumar TiwariEdited By: Published: Fri, 22 May 2015 10:12 AM (IST)Updated: Fri, 22 May 2015 10:14 AM (IST)
कांग्रेस का दावा, बिहार में भाजपा को सत्ता में नहीं आने देंगे

पटना। कांग्रेस ने बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता में आने से रोकने का आह्वान किया है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस महामंत्री डॉ. सीपी जोशी ने बिहार कांग्रेस के कांग्रेसजन और आमजन का आह्वान करते हुए कहा है कि वे कांग्रेस के साथ आएं और बिहार में भाजपा की गाड़ी को पंक्चर कर दें। यूपी बिहार का उदाहरण देते हुए बोले कि यूपी बिहार में कमजोरी का फायदा उठाकर भाजपा ने सौ सीटें जीत ली, लेकिन बिहार के लोग विधानसभा चुनाव में भाजपा के सपने को साकार नहीं होने देंगे।

loksabha election banner

कांग्रेस की मजबूती पर डॉ. जोशी ने कहा देश और संगठन की मजबूती के लिए कांग्रेस को युवाओं को अपने साथ जोडऩा होगा। डॉ.जोशी गुरुवार को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में राजीव गांधी की 24वीं पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित बलिदान दिवस समारोह में बोल रहे थे।

जोशी ने कहा कि आज देश में कुछ ताकतें यहां की गंगा-जमुनी तहजीब को तोडऩे की कोशिश कर रही हैं। यह वही देश है जिसके लिए महात्मा गाधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे नेताओं ने अपना बलिदान दिया। डॉ.शकील अहमद ने कहा कि कांग्रेस पर घोटालों का आरोप लगाने वाले खुद की गिरेबां में नहीं झांक रहे कि अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्रित्व काल में भाजपा अध्यक्ष को लोगों ने कैसे टीवी पर घूस लेते देखा था। रक्षा मंत्री की पत्नी को भी टीवी पर घूस लेते दिखाया गया था। गुजरात में नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री रहते सीएजी ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया था कि अडानी को कैसे चालीस हजार करोड़ का फायदा पहुंचाया गया था।

नितिन गड़करी ने कैसे अपने ड्राइवर को कंपनी का निदेशक बना दिया था। सूट बूट वाली सरकार का प्रधानमंत्री आज जब विदेश जाता है तो उसके साथ विदेश मंत्री नहीं अडानी जैसे सौदागर साथ में जाते हैं।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक चौधरी ने कहा कि 2015 के विधानसभा चुनाव में चूकना नहीं है। उन्होंने कांग्रेस के सहयोगियों को भी चेतावनी दी और कहा कि वे कांग्रेस को कम करके आंकना बंद करें। कांग्रेस सम्मान के साथ गबठबंधन करेगी। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

समारोह को कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, डॉ. मदन मोहन झा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रो. केके तिवारी, विजय शंकर दुबे, परेश धनानी और अनिल शर्मा समेत दूसरे कई नेताओं ने संबोधित किया। महत्वपूर्ण यह था कि राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर बलिदान दिवस का आयोजन था और इस पूरे कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस का विक्षुब्ध खेमा कहीं नजर नहीं आया। न तो पूर्व अध्यक्ष रामजतन सिन्हा दिखे, न डॉ. अजय कुमार, न ही डॉ. अशोक राम और न ही प्रेमचंद मिश्रा। आनंद साहू,ललित कुमार व कुमार रोहित आदि ने संबोधित किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.