पटनाः एबीवीपी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, 40 पुलिसकर्मी घायल, धरने पर बैठे भाजपा विधायक
पटरी से उतर चुकी शिक्षा व्यवस्था के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विधानसभा घेराव की कोशिश की, जिसे रोकने पहुंची पुलिस से टकराव हो गया। पुलिस ने बल प्रयोग कर कार्यकर्ताओं को हटाने की कोशिश की तो पत्थरबाजी शुरू हो गई।
पटना। पटरी से उतर चुकी शिक्षा व्यवस्था के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विधानसभा घेराव की कोशिश की, जिसे रोकने पहुंची पुलिस से टकराव हो गया। पुलिस ने बल प्रयोग कर कार्यकर्ताओं को हटाने की कोशिश की तो पत्थरबाजी शुरू हो गई। शुरुआती टकराव के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ता पुलिस पर भारी पड़ गए, जिससे पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। बवाल की सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिसबल के साथ एसएसपी जितेंद्र राणा भी मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया और रबर बुलेट से कई राउंड फायरिंग भी की। कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना में 40 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना के विरोध में भाजपा विधायक विधानसभा के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए।
प्रदेश में बिगड़ती शिक्षा व्यवस्था के विरोध मे एबीवीपी ने विधानसभा घेराव की घोषणा की थी। इसी के चलते गुरुवार सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रदेशभर से कार्यकर्ता पटना पहुंचने लगे। दोपहर तक हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुट गए और नारेबाजी करते हुए विधानसभा का घेराव करने चल दिए। पुलिस ने आर ब्लॉक पर उन्हें रोका तो बवाल होने लगा। हजारों कार्यकर्ताओं के आगे चंद पुलिसकर्मी कमजोर पड़ गए और पीछे हट गए। एबीवीपी कर्याकर्ताओं ने आरब्लॉक गेट तोड़ दिया। इसी बीच सूचना पाकर एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज का आदेश दिया। लाठीचार्ज होने पर दूसरी ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसके बाद पुलिस ने रबर बुलेट से फायरिंग कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। घटना के चलते भीषण जाम लग गया। आसपास खड़े वाहनों और दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई। आरब्लॉक और उसके आसपास बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है और सैकड़ों एबीवीपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।
संगठन का आरोप है कि वर्तमान नीतीश सरकार की वजह से बिहार की प्राथमिक से उच्च शिक्षा तक आइसीयू में पहुंच चुकी है। शिक्षा के सभी क्षेत्रों में लूट मची हुई है। संगठन का आरोप है कि आधारभूत ढांचे के लिए मौजूद बजट में काफी कम पैसे दिए गए हैं। इसी कारण कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ा।
पटना के एसएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि घटना में 40 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों को भगाने के लिए कुछ राउंड फायरिंग भी की गई। एसएसपी ने बताया कि कुछ दुकानों में लूटपाट का प्रयास किया गया और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई है। घटना में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।