संयम के साथ श्रद्धालुओं ने मनाया स्वर्ण महोत्सव
सैकड़ों की संख्या में केसरिया साड़ी पहनी महिलाएं और सफेद कुर्ता पहने पुरुष ने मनाई खुशी।
पटना - सैकड़ों की संख्या में केसरिया साड़ी पहनी महिलाएं और सफेद कुर्ता पहने पुरुष कांग्रेस मैदान स्थित जैन मंदिर एवं मीठापुर जैन मंदिर से प्रभात फेरी निकाल भगवान के जयकारे लगाने में मस्त थे। संयम और अनुशासन के साथ लोगों को सत्य और अ¨हसा का संदेश देने में लगे थे। पाटलिपुत्र दिगम्बर जैन समिति की ओर से दिगम्बर जैन धर्म के आचार्य 108 विद्यासागर महाराज की 50वीं मुनि दीक्षा संयम स्वर्ण महोत्सव के आयोजन पर श्रद्धालुओं की उत्सुकता देखते बन रही थी। श्रद्धालुओं ने नाला रोड, कदमकुआं, साहित्य सम्मेलन भवन, बुद्ध मूर्ति गोलंबर, अनुग्रह नारायण पथ होते हुए श्रद्धालु जैन मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मुनि आचार्य की फोटो हाथ में लिए एवं विद्यासागर संत महान, चलते-फिरते ये भगवान आदि जयकारे से पूरा शहर भक्ति के माहौल में डूबा था। महोत्सव के मौके पर शाम में 50 दीपों के साथ महा-आरती एवं भजन-संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों लोगों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पाटलिपुत्र दिगम्बर जैन समिति के अध्यक्ष शांतिलाल जैन ने किया। मौके पर सचिव रतन लाल जैन, नंद लाल जैन, महेश झंझरी, अजित जैन, कमल पाटनी जैन, सीपी जैन, एमपी जैन, विकास अग्रवाल, जिनेश जैन, अशोक छाबड़ा, दीपक छाबड़ा, अनिल जैन, सरिता गंगवाल, सिम्मी जैन, रजनी जैन, मीरा पाटनी, शुभा छाबड़ा, एमपी जैन आदि मौजूद थे।