CBSE 10th. Result : बिहार-झारखंड में 22544 को मिला 10 CGPA
सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट जारी हो चुका है। बिहार-झारखंड के कुल 158729 परीक्षार्थियों में 22544 ने 10 0 सीजीपीए हासिल किया है।
पटना। सीबीएसई 10वीं के रिजल्ट में लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों को मात दे दी है। शनिवार को देश भर में सीबीएसई 10वीं के रिजल्ट जारी कर दिए गए। इसके मुताबिक बिहार-झारखंड के कुल 158729 परीक्षार्थियों में 98.3 प्रतिशत लड़कियों ने बाजी मारी। लड़के लड़कियां से थोड़ा ही पीछे रहे। कुल 97.81 प्रतिशत लड़के इस परीक्षा में उत्तीर्ण हुए। 10 सीजीपीए हासिल करने वाले छात्रों की संख्या 22544 है।
सीबीएसई बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय अधिकारी आरआर मीणा ने बताया कि परीक्षा में कुल 158729 परीक्षार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें बोर्ड आधारित 105465 व स्कूल आधारित 53264 हैं। प्राइवेट परीक्षार्थियों की संख्या सिर्फ 95 रही।
कुल छात्रों की संख्या 105887 व छात्राओं की संख्या 52842 है। नियमित छात्रों (सभी विषय) की संख्या 158631 थी, जिसमें 155260 उत्तीर्ण हुए। कुल उत्तीर्णता प्रतिशत 97.88 रहा।
यहां बता दें कि बिहार-झारखंड मिलाकर सीबीएसई स्कूलों की कुल संख्या 997 है। इनमें से 644 स्कूल बिहार और 353 स्कूल झारखंड में हैं। बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी ने कहा कि जिन बच्चों को रिजल्ट के संबंध में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज करानी है, उनके लिए जल्द ही शिकायत लिंक जारी की जाएगी। उसपर रजिस्ट्रेशन कर पूर्ण विवरण के साथ वे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।