नीतीश कैबिनेट का अहम फैसला, कंप्यूटराइज्ड होंगे राज्य के कोषागार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में आज ६ महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट में सरकार ने किसानों को रबी फसल पर डीजल अनुदान देने का फैसला किया है।
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में आज ६ महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट की बैठक में बिहार के सभी ट्रेजरी कार्यालयों को कंप्यूटरीकृत करने फैसला लिया गया।
ट्रेजरी के कम्प्यूटराईजेशन के लिए २२० करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। कोषागारों को अॉनलाइन करने का काम बेलट्रॉन कम्पनी को सौंपा गया है।बेलट्रॉन इस राशि को अगले 7 सालों तक खर्च करेगी। ट्रेजरी के सभी कामों को भी ऑन लाइन किया जाएगा।
इसके अलावे एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए कैबिनेट में राज्य सरकार ने किसानों को रबी फसल पर डीजल अनुदान देने का फैसला किया है। जिसके लिए 115 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। किसानों को डीजल सब्सिडी गेंहू पटवन समेत रबी फसल के लिए भी दी जाएगी।
किसानों को डीजल सब्सिडी की राशि 300 रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मिलेगी। इसके अलावे राजगीर में पुराने रोप वे के बगल में एक नए रोप वे का भी निर्माण कराया जाएगा जिसके लिए कैबिनेट ने २० करोड़ रुपए की राशि की मंजूरी दे दी।
आज कैबिनेट की बैठक में सैकेंड सप्लिमेन्ट्री बजट को भी हरी झंडी दे दी गई। लगभग 5000 करोड़ से अधिक का सप्लिमेंट्री बजट विधान मंडल के शीतकालीन सत्र में रखा जायेगा।