बमबाजी में भाजपा कार्यकर्ता सहित दो की मौत
बमबाजी में भाजपा कार्यकर्ता सहित दो की मौत
कटोरिया (बांका) : थाना क्षेत्र की बसमत्ता पंचायत के मालबथान चौक पर रविवार को दिनदहाड़े चाय-नाश्ते की दुकान में की गई बमबाजी में भाजपा कार्यकर्ता और एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना के विरोध में कटोरिया विधायक सोनेलाल हेम्ब्रम के नेतृत्व में भाजपा कार्यकताओं ने सड़क जाम कर दिया। विधायक हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर एसपी डॉ. सत्य प्रकाश, डीएसपी बेलहर पीयूष कांत सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले का जायजा लिया। पुलिस के आश्वासन पर जाम हटाया गया। पुलिस ने मौके से दो बम और विस्फोट हुए बम की सूतली बरामद की है। घटना को लेकर मालबथान में तनाव की स्थिति बनी हुई है। जानकारी के अनुसार मालबथान हाट स्थित कविता देवी की चाय-नाश्ते की दुकान पर सुबह लगभग सवा दस बजे सरूआ गांव के स्व. हंसराज सिंह का पुत्र भाजपा कार्यकर्ता शंभू सिंह (45) बैठा था। इसी बीच मालबथान का तारणी यादव और कल्होडिय़ा का बिट्टू यादव चार-पांच युवकों के साथ वहां पहुंचा और शंभू के चेहरे पर बम से प्रहार कर दिया। इसके बाद दूसरा बम चलाया, जो दुकान में बैठे बेलागढा टोनापाथर (सूइया ओपी) के भोला पुझार (70) के पेट में लगा। नतीजतन दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से कटोरिया की ओर भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर कटोरिया थाने के सुरेश पंडित सैप जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया तो मृतक के परिजन ने पथराव शुरू कर दिया। इस कारण पुलिस दल लौट गया। कुछ देर बाद पुन: एसडीपीओ पीयूष कांत, इंस्पेक्टर मुकेश्वर प्रसाद, अवर निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, जयपुर ओपीध्यक्ष अर्जुन सिंह, रंजीत मिश्र, मेराज खान, आरएन सिंह भारी संख्या में बीएमपी व सैप जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। साथ में एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहन भी था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में कविता देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस सूत्रों ने चाय दुकानदार कविता देवी और शंभू सिंह के बीच अवैध संबंध होने की भी जानकारी दी है, लेकिन पुलिस जमीन विवाद एवं आपसी वर्चस्व को हत्या का कारण मान रही है।
घटना का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। वैसे अनुसंधान में सभी मामले का पटाक्षेप हो जाएगा। पुलिस अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
- डॉ. सत्य प्रकाश, एसपी