बिहार में जनसंघ के साथियों को सक्रिय करेगी BJP, जानिए पार्टी का फ्यूचर प्लान
बिहार में भाजपा अपने जनसंघ के पुराने साथियों को सक्रिय करेगी। पार्टी अपने फ्यूचर प्लान के तहत ऐसे बुजुर्गों का मार्गदर्शक मंडल बनाने की तैयारी में है।
पटना [रमण शुक्ला]। भाजपा भविष्य की सियासत को धार देने के लिए जनसंघ के साथियों और बुजुर्ग कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय करने की कवायद में जुट गई है। योजना को अमली जामा पहनाने के लिए पार्टी करीब 50 हजार बुजुर्ग नेताओं की अगुवाई में मार्गदर्शक मंडलों के गठन का खाका तैयार किया है। आधी आबादी और युवाओं के साथ पार्टी में बुजुर्गों को तरजीह देने के उद्देश्य से यह कवायद शुरू की गई है।
पार्टी यूपी में जीत तथा वहां योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने से उत्साहित है। अब वह बिहार की सियासत में भी गहरी पैठ बनाने की तैयारी में लग गई है।
पार्टी ने पंचायत, मंडल और जिला से लेकर प्रदेश स्तर पर मार्गदर्शक मंडल बनाकर पार्टी पूर्व पदाधिकारियों को सक्रिय करेगी। इसी कड़ी में मार्गदर्शक मंडलों के गठन का खाका तैयार किया गया है। इसमें मुख्य रूप से विभिन्न स्तर पर पूर्व अध्यक्ष और महामंत्री रहे ऐसे नेताओं को जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी है जो वर्तमान में पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय कहते हैं कि इस पहल के जरिए पार्टी करीब 50 हजार बुजुर्गों को जिम्मेदारी सौंप सक्रिय करेगी। पार्टी की योजना मंडल और जिला स्तर पर 5 से 11 सदस्यीय मार्गदर्शक मंडल के गठन की है। उल्लेखनीय है कि भाजपा के संगठनात्मक ढांचा में 8392 पंचायत, 1035 मंडल और 45 जिला हैं।
पार्टी आला कमान ने इस पहल को सफल बनाने के लिए मौजूदा नेतृत्व के साथ सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारियों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, विधान पार्षदों, लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों को सक्रिय रूप से भूमिका निभाने का निर्देश दिया है। मार्गदर्शक मंडल से पार्टी 63 हजार पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के गांव-गांव कूच कार्यक्रम और प्रवास के दौरान सक्रिय रूप से मदद लेगी।
इसके तहत भाजपा के बूथ स्तर के 62 हजार पूर्णकालिक कार्यकर्ता 15 दिन, जबकि पांच सौ पूर्णकालिक कार्यकर्ता छह महीने और 250 पूर्णकालिक कार्यकर्ता एक वर्ष गांव-गांव और घर-घर प्रवास कर पार्टी के संगठनात्मक ढांचा को मजबूत करेंगे।