नक्सलियों को मारने के लिए बिहार पुलिस को मिला इनाम, झारखंड सरकार ने भेजे 65 लाख
झारखंड सरकार ने बिहार पुलिस के उन जांबाज अधिकारियों व जवानों के लिए 65 लाख रुपये का इनाम भेजा है, जिन्होंने पिछले दिनों झारखंड के मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडरों रामचंद्र महतो उर्फ चिराग दा और सरिता उर्फ निर्मला गंझू को अलग-अलग मुठभेड़ में मार गिराया था।
पटना। झारखंड सरकार ने बिहार पुलिस के उन जांबाज अधिकारियों व जवानों के लिए 65 लाख रुपये का इनाम भेजा है, जिन्होंने पिछले दिनों झारखंड के मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडरों रामचंद्र महतो उर्फ चिराग दा और सरिता उर्फ निर्मला गंझू को अलग-अलग मुठभेड़ में मार गिराया था। जबकि, झारखंड के ही एक और नक्सली कमांडर शिवजी बैठा को बिहार में गिरफ्तार कर लिया गया था।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) सुनील कुमार ने बताया कि झारखंड सरकार ने उपरोक्त तीनों नक्सली कमांडरों के सिर पर कुल 65 लाख के इनाम की घोषणा कर रखी थी। उपरोक्त तीनों नक्सली कमांडरों का कार्यक्षेत्र झारखंड के अलावा छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा तक फैला था।
बता दें कि विगत 8 जनवरी को जमुई में नक्सलियों और पुलिस के बीच हुई एक मुठभेड़ में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा का मोस्ट वांटेड नक्सली रामचंद्र महतो उर्फ चिराग दा को मार गिराया गया था। चिराग दा पर झारखंड सरकार ने 30 लाख का इनाम का एलान कर रखा था।
चिराग दा के मारे जाने के बाद औरंगाबाद के ढिबरा में पुलिस के साथ नक्सलियों की हुई एक मुठभेड़ में सरिता उर्फ निर्मला गंझू को भी मार गिराया गया। जबकि, शिवजी बैठा को बिहार पुलिस ने पिछले दिनों गिरफ्तार किया था।
डीजीपी ने झारखंड पुलिस को दिया धन्यवाद
दो बड़े नक्सली कमांडरों को मुठभेड़ में मार गिराने और एक को जिंदा पकडऩे के एवज में झारखंड सरकार द्वारा बिहार पुलिस के अधिकारियों व जवानों के लिए 65 लाख रुपये के चेक भेजने पर डीजीपी पीके ठाकुर ने झारखंड सरकार और वहां के डीजीपी डीके पांडेय को धन्यवाद दिया है। डीजीपी ने कहा कि राज्यों के बीच आपसी तालमेल होने से नक्सलियों के बड़े नेताओं को साधने में बिहार पुलिस को सफलता मिली है।