पटना में तिरंगा यात्रा के दौरान भिड़े असामाजिक तत्व, पुलिस का फ्लैग मार्च
पटना में रविवार को तिरंगा यात्रा के दौरान बवाल हो गया। असामाजिक तत्वों के भिड़ने से बेली रोड में काफी देर तक स्थिति तानावपूर्ण बनी रही।
पटना, जेएनएन। बिहार की राजधानी पटना में पुलवामा में शहीद हुए जवानों को लेकर आक्रोश देखने को मिल रहा है। शहर में रविवार को भी जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पटना के बेली रोड में असामाजिक तत्व भिड़ गए। सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया है। इलाके में फ्लैग मार्च किया जा रहा है। मामले में शास्त्रीय नगर थाने की पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। भारी पुलिस बल के तैनात होने से स्थिति पर काबू पा लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बेली रोड राजाबाजार समनपुरा मोड़ के पास काफी संख्या में लोग तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। इस दौरान उन्होंने इलाके के लोगों से दुकानें बंद करने की गुजारिश की।
इसी बात को लेकर कुछ असामाजिक तत्व भिड़ गए। बातचीत कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। एहतियातन पुलिस को खबर दी गई। सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया है। चार लोगों को गिरफ्तार कर स्थिति पर काबू पा लिया गया है। जवानों के द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है।