प्रधानाध्यापिका को 'नमस्कार' और 'आशीर्वाद' भी लिखना नहीं आता
बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड के एक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी के सामने स्कूल की प्रधानाध्यापिका आशीर्वाद और नमस्कार नहीं लिख पायीं।
पटना [काजल]। राज्य की शिक्षा व्यवस्था को लेकर एकबार फिर से चर्चा में है। शिक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर कई तरह की खामियां एक के बाद एक सामने आ रही हैं। इसी क्रम में एक नया मामला सामने आया है जिसमें डीएम के दौरे में एक प्रधानाध्यापिका की पोल खुल गई जब वे नमस्कार और आशीर्वाद तक नहीं लिख पायीं।
घटना बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड के एक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी रमण कुमार ने स्कूल क प्रधानाध्यापिका को जब ब्लैक बोर्ड पर 'नमस्कार' और 'आशीर्वाद' शब्द लिखने को कहा। वह दोनों को ही सही तरीके से नहीं लिख सकीं।
प्रधानाध्यापक की ये हालत देख डीएम ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की भी बात कही है। ये सुनकर प्रधानाध्यापिका माफी मांगने लगीं, लेकिन जिलाधिकारी ने कहा कि ये गलती माफी के लायक नहीं है। अब उनपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि इन दिनों जिलाधिकारी ने जिले के सभी स्कूलों के निरीक्षण का आदेश दिया हुआ है। लगातार प्रखंडवार जांच का अभियान चल रहा है। अबतक एक दर्जन से अधिक शिक्षक निलंबित हो चुके हैं। लगभग सवा सौ शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों का वेतन रोका जा चुका है।