नाबालिग छात्रा को ले भागा कोचिंग संचालक, दो दिनों तक किया दुष्कर्म
गया जिले में एक कोचिंग संचालक एक नाबालिग लड़की को लेकर फरार हो गया और दो दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गया [जेएनएन]। कोचिंग में पढ़ने आने वाली नाबालिग छात्रा को स्कूल से लौटने के क्रम में घर छोड़ देंगे एेसा कहकर कोचिंग संचालक ने बाइक पर बैठाया और लेकर फरार हो गया। बाइक से वह लड़की को एक अनजानी जगह ले गया और दो दिनों तक बंद कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर वह लड़की को बुरी तरह पीटता भी था।
घटना गया जिले के केन्दुआ गांव की है, जहां एक कोचिंग संचालक ने नाबालिग छात्रा को अगवा कर दो दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने बुधवार को रोशनगंज थाना के नवादा गांव छात्रा और आरोपित शिक्षक को ढूंढ निकाला। पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष चेतानंद झा ने बताया कि आरोपित शिक्षक सुनील दास को जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गत 25 जून को केन्दुआ गांव की गायत्री देवी ने पुत्री के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें गांव के कोचिंग संचालक शिक्षक सुनील दास को नामजद करते हुए मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया था। मोबाइल टॉवर लोकेशन के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को शेरघाटी कोर्ट में पीडि़ता का 164 का बयान दर्ज कराया गया।
यह भी पढ़ें: सिरफिरे आशिक ने युवती की चाकू गोदकर की हत्या, बचाने आयी मां को नहीं बख्शा
युवती ने बयान में कहा कि कोचिंग संचालक सुनील उसे जबरन स्कूल से ले गया और एक कमरे में बंद कर दिया। वहां उसने दो दिन उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर वह उससे मारपीट करता था।
यह भी पढ़ें: भागलपुर दंगा कांड का मुख्य आरोपी उम्र कैद की सजा से मुक्त