बिहटा में राम भक्तों ने निकाली शोभा यात्रा, लगाए जयकारे
बिहटा। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समर्पण निधि अभियान के तहत मंगलवार को बिहटा के परेव से शोभा यात्रा निकली।
बिहटा। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समर्पण निधि अभियान के तहत मंगलवार को बिहटा के परेव से प्रदेश संयोजक जीवन कुमार के नेतृत्व में राम भक्तों ने शोभा यात्रा व बाइक रैली निकाली। इस दौरान पूरा इलाका 'जय श्रीराम' और 'रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे' के नारों से गूंज उठा। परेव से शुरू हुई शोभायात्रा व बाइक रैली में विभिन्न हिदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ तमाम रामभक्त शामिल हुए। रैली से पूर्व पूजा-अर्चना की गई। इससे पहले रामभक्तों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। रैली बिहटा के परेव से होते हुए बिदौल, महुआर लई, इटवा, दोघड़ा सहित 17 गांवों में घूमते हुए पुन: परेव पहुंच समाप्त हुई। यहां सभा हुई, जिसमें मुख्य वक्ता जीवन कुमार ने भगवान राम के आदर्शो पर प्रकाश डाला और सभी से उनके आदर्शो को अपनाने की अपील की। इसके साथ सभी से निधि समर्पण में सहयोग करने का अनुरोध किया गया। जीवन कुमार ने बताया, अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण भी शुरू हो चुका है। मंदिर निर्माण को लेकर हर गांव के लोग इसमें अपने अनुसार सहयोग करें। मौके पर जिला पार्षद उपाध्यक्ष ज्योति सोनी, मुखिया पिकी देवी, नरेश सिंह, संजीव पांडेय, चंदन कुमार, पुतुल कुमार, गुड्डू कुमार, सोनू कुमार आदि प्रमुख थे।
राम मंदिर निर्माण के लिए आरएसएस ने किया धन संग्रह
फतुहा। स्थानीय दरियापुर व स्टेशन रोड सहित अन्य स्थानों पर मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकताओं ने अभियान प्रमुख रामचंद्र प्रसाद के नेतृत्व में अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रहित किया। रामचंद्र प्रसाद ने बताया कि कटैया स्थान के महंत राम सुंदर शरण ने 1100 रुपये की समर्पण राशि का सहयोग देकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान में फतुहा के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में टोली बनाकर आरएसएस व भाजपा कार्यकर्ता धन संग्रह कर रहे हैं। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। मौके पर अभियान सह प्रमुख विजय कुमार वत्स, हिसाब-किताब प्रमुख मनोज कुमार आर्य, विशाल कुमार व नवल पासवान सहित अन्य मौजूद थे।