भोजपुर में बेखौफ अपराधियों ने उप मुखिया समेत तीन को गोली मारी, एक की मौत
भोजपुर में फाइनेंस पर ली ट्रैक्टर ट्रॉली के विवाद को लेकर सफारी सवार बदमाशों ने तबातोड़ फायरिंग कर दी। वारदात में एक की मौत हो गई।
भोजपुर, जेएनएन। भोजपुर जिले में अपराधियों का मनोबल सिर चढ़कर बोल रहा है। बदमाश हर रोज बड़ी-बड़ी वारदात को आसानी से अंजाम देते नजर आ रहे हैं। पुलिस अपराधियों पर नकेल कसने में नाकाम दिखाई दे रही है। ताजा मामला जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर पंचायत के दर्शन छपरा गांव का है। यहां फाइनेंस पर ली ट्रैक्टर ट्रॉली के विवाद को लेकर सफारी सवार बदमाशों ने तबातोड़ फायरिंग कर दी।
फायरिंग में गोली लगने से एक की मौके पर मौत
फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उप मुखिया समेत दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन करने पहुंच गई है।
ट्रैक्टर की किस्त जमा करने को लेकर था विवाद
जानकारी के अनुसार मृतक दर्शन छपरा गांव निवासी नंदकिशोर यादव का 35 वर्षीय पुत्र बृज बिहारी यादव है। वहीं जखमियों में दर्शन छपरा गांव निवासी नंदकिशोर सिंह के पुत्र उदय शंकर सिंह एव दूसरा गड़हनी थाना क्षेत्र के बगवा पंचायत के रामपुर गांव निवासी व उप मुखिया सुरेंद्र यादव के पुत्र अमरजीत यादव है। बताया जाता है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने फाइनेंस पर लिए ट्रैक्टर की किस्त जमा नहीं की थी। जिसको लेकर शुक्रवार की सुबह फाइनेंसर कार पर सवार होकर आए और ट्रैक्टर को खींचकर ले जाने लगे। उसी दौरान ट्रैक्टर खींचने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। उसी बीच फाइनेंस द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई। गोलीबारी में दौरान घटनास्थल पर मौजूद तीन लोगों को छर्रे लग गए। जिसमें गोली लगने से बृज बिहारी यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उप मुखिया समेत दो लोग जख्मी हो गए। इधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है।