केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से ली बिहार के BJP नेताओं की क्लास
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आर्थिक मंदी से देश को उबारने के लिए शनिवार को वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से बिहार के सांसदों से बात की। इसमें कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल रहे।
पटना, राज्य ब्यूरो। भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आर्थिक मंदी से देश को उबारने के लिए केंद्र सरकार के द्वारा कारपोटेरट टैक्स और जीएसटी की दरों में कटौती और नई कंपनियों को करों में दी गई छूट से होने वाले फायदों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए आज राज्य के प्रमुख नेताओं की वीडियो कांफ्रेंसिंग से क्लास लगाई।
शाह ने पार्टी नेताओं से कहा कि सरकार ने मंदी से लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कंपनियों के लिए कारपोरेट कर की आधार दर 30 फीसद से घटाकर 22 फीसद किए जाने, नई कंपनियों पर कारपोरेट कर को 25 से घटाकर 15 फीसद किए जाने और आटोमोबाइल, होटल और बिस्कुट जैसी जरूरी खाद्य सामग्रियों पर जीएसटी की दरों में भारी कटौती को आमजन तक पहुंचाया जाए।
शाह ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में वहां के मुख्यमंत्री या उप मुख्यमंत्री प्रेस कांफ्रेंस करके सरकार की राहत घोषणाओं की जानकारी देंगे। जिन प्रदेशों में भाजपा का शासन नहीं है वहां पार्टी प्रदेश अध्यक्ष या कोई अन्य प्रमुख नेता इसकी जानकारी देंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों में चलने वाले पदयात्रा कार्यक्रम की सफलता के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए। पार्टी के इस कार्यक्रम में स्थानीय सांसद और विधायकों की सहभागिता अनिवार्य है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, केंद्रीय विधि व संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, केंद्रीय पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह, संगठन मंत्री नागेंद्रजी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. सीपी ठाकुर, रामकृपाल यादव, मंत्री विनोद नारायण झा सहित पार्टी के 15 सांसद, दर्जनों विधायक और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद थे।