रैली में लीजिए भाग, मोदी को फिर बनाइए पीएम
तीन मार्च को गांधी मैदान में होने वाली संकल्प रैली सभी रैलियों से बड़ी होगी।
पटना। तीन मार्च को गांधी मैदान में होने वाली संकल्प रैली सभी रैलियों से बड़ी होगी। राज्यभर के युवा बड़ी संख्या में इस रैली में पहुंचेंगे। नरेंद्र मोदी को पुन: प्रधानमंत्री बनाएंगे। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक नितिन नवीन ने उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय से शनिवार को जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के दौरान कहीं।
इस अवसर पर भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तीन मार्च को गांधी मैदान में होने वाली संकल्प रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं। रथ भ्रमण कर रैली में आने का आमंत्रण देगा। अपील किया कि नरेंद्र मोदी को पुन: प्रधानमंत्री बनाने के लिए रैली में भाग लें। उन्होंने कहा कि रैली के एक दिन पहले बिहार के सभी जिलों में मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। कमल संदेश मोटरसाइकिल रैली में हजारों की संख्या में युवा भाग लेंगे।
नितिन नवीन ने कहा कि संकल्प रैली सभी रैलियों का रिकॉर्ड तोड़ देगी। राज्यभर से बड़ी संख्या में युवा भाग लेंगे। छात्रों और युवाओं में प्रधानमंत्री को देखने का उत्साह दिख रहा है। नरेंद्र मोदी पुन: प्रधानमंत्री बनकर भारत को विश्व गुरु बनाने का सपना साकार करेंगे। यह रथ पटना में भ्रमण करेगा। राज्य के सभी जिलों में भाजयुमो का एक-एक रथ भ्रमण करेगा। कार्यकर्ता स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थानों में जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। 26 फरवरी को सभी जिलों में भाजयुमो की बैठक होगी। संकल्प रैली को सफल बनाने की रणनीति तय होगी। मोर्चा के सभी मंडल शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता, कमल क्लब के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता पटना पहुंचेंगे।