बिहार में 25 से 27 फरवरी के बीच हो सकती है तेज ओलावृष्टि, अलर्ट जारी
बिहार में 25 से 27 फरवरी के बीच ओलावृष्टि हो सकती है। आपदा प्रबंधन विभाग ने इसके लिए राज्य के सभी जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
पटना, जेएनएन। राज्य में 25 से 27 फरवरी के बीच बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। इसे देखते हुए बिहार सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट जारी किया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने ओलावृष्टि और बारिश से निपटने के पुख्ता इंतजाम करने और आम लोगों को इसकी जानकारी देने का निर्देश दिया है।
मौसम में बदलाव की आशंका को लेकर बिहार आपदा विभाग ने आशंका जताते हुए राज्य के सभी जिलों में 25-27 फरवरी के बीच ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। वहीं, मौसम विभाग के अलर्ट पर राज्य के मुख्य सचिव ने कहा है कि सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश जारी कर दिया गया है।उन्होंने कहा कि अब ये देखना होगा कि मौसम किस स्तर तक जाएगा।
शुक्रवार को मुख्य सचिव दीपक कुमार की अध्यक्षता में आपातकालीन प्रबंधन समूह (सीएमजी) की बैठक में राज्य के 25 जिलों में सुखाड़ की स्थिति की समीक्षा की गई। पिछली बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग ने सुखाड़ की निगरानी कर रहे पदाधिकारियों को चुनाव कार्य से मुक्त रखने का प्रस्ताव दिया था। इसकी अनुशंसा निर्वाचन आयोग से की गई है।
जिला स्तर पर आपातकालीन संचालन केंद्र का 24 घंटे संचालन किया जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की आशंका को देखते हुए विभाग ने सभी जिलों को अलर्ट जारी किया है।