मिशन 2019: महागठबंधन में सीटों की संख्या तय करेंगे बनते-बिगड़ते समीकरण
आगामी लोकसभा चुनाव नजदीक आता जा रहा है। महागठबंधन की बात करें तो सीट शेयरिंग को ले बनते-बिगड़ते समीकरणों के बीच पार्टिंयां आकलन में जुटी हैं।
पटना [सुनील राज]। लोकसभा चुनाव 2019 की बिसात बिछने के साथ ही राजनीतिक दलों ने अपने-अपने पत्ते सजाने शुरू कर दिए हैं। बिहार कांग्रेस भी सहयोगी राजद से अधिक से अधिक सीट पाने के लिए ताल ठोकने में जुटी है। इधर, राजद तमाम समीकरणों का आकलन करने में जुटा है। हर दिन बनते-बिगड़ते समीकरणों का पुख्ता आकलन के बाद ही राजद सहयोगी संगठनों संग सीट को लेकर चर्चा शुरू करेगा।
कांग्रेस का सर्वे पूरा
बिहार कांग्रेस ने प्रदेश के सभी 40 लोकसभा क्षेत्र के सर्वे का कार्य पूरा कर लिया है। उत्तर और दक्षिण बिहार के प्रभारी सचिव राजेश लिलौटिया और बीरेंद्र सिंह राठौर ने सर्वे रिपोर्ट बिहार के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल को सौंप दी है।
दो दर्जन सीटों पर दावेदारी की तैयारी
पार्टी के अंदर खाने के सूत्रों की माने तो कांग्रेस अधिक से अधिक 15 और कम से कम 12 सीटों पर अपनी दावेदारी रखने की तैयारी में है। हालांकि बिहार कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी कहते हैं कि पार्टी ने सभी 40 सीटों पर अपनी तैयारी कर रखी है, जिसे महागठबंधन के साथ होने वाली बैठक में साझा किया जाएगा। जिन सीटों पर हम मजबूत स्थिति में हैं उन सीटों पर प्राथमिकता के आधार पर अपनी दावेदारी करेंगे।
यहां बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में बिहार में कांग्रेस ने एक दर्जन सीटों पर किस्मत आजमाई थी जिसमें से सुपौल और किशनगंज में उसे जीत हासिल हुई थी।
सीट बंटवारे को ले राजद खामोश
कांग्रेस से इतर सीटों के बंटवारे के मसले पर फिलहाल राजद के स्तर पर पूरी तरह से खामोशी है। राजद बिहार के राजनीतिक समीकरण के आकलन में जुटा है। राजद कोई फैसला लेने से पहले इस बात की तस्दीक चाहता है कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक समता पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी या फिर जदयू के एनडीए से अलग होने की अब कोई संभावना नहीं। इसके बाद ही सीटों पर सहमति के लिए राजद सहयोगियों के साथ बैठेगा।
ये होगा सीटों का संभावित गणित
कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि यदि राजग में टूट नहीं होती है और राजद, हम और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा होता है तो ऐसी स्थिति में कांग्रेस 15 सीटों पर दावा करेगी। यदि जदयू साथ आता है तो 10 सीटें और नीतीश, उपेंद्र कुशवाहा और पासवान भी साथ आते हैं तो आठ सीटों के लिए कांग्रेस दावा करेगी।
बहरहाल नीतीश, उपेंद्र कुशवाहा और रामविलास पासवान के हालिया बयान इस बात के संकेत हैं कि राजग में सबकुछ ठीक है। जाहिर है ऐसे में कांग्रेस का दावा अधिक से अधिक सीटों के लिए होगा।