पटना का पारा 41.2, बिहार में 24 को बारिश के आसार
दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए परिस्थिति अनुकूल बनने के संकेत मिल रहे हैं।
पटना । दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए परिस्थिति अनुकूल बनने के संकेत मिल रहे हैं। अरब सागर से उठ रही तूफानी हवा का रुख बिहार और पश्चिम बंगाल की ओर होने के कारण 24 जून को प्रदेश में तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार हैं। बुधवार को पटना में दिनभर उमस भरी गर्मी और शाम में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी क्षेत्र में 6 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई।
बुधवार को पटना में गांधी मैदान, अशोक राजपथ, दुजरा, मैनपुरा, कुर्जी, बेली रोड और कंकड़बाग इलाके में बूंदाबांदी हुई। पटना के ग्रामीण क्षेत्र हथिदह और बांका जिले के कटोरिया में दो एमएम वर्षा दर्ज की गई। पटना और गया में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। पटना का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री और न्यूनतम 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा। औरंगाबाद का अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहा तो वहीं नालंदा और राजगीर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग द्वारा जारी साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए अरब सागर में अनुकूल परिस्थति बन रही है। 22 से 23 जून तक तूफानी हवा के साथ बारिश पश्चिम बंगाल होते हुए 24 जून तक बिहार में दस्तक दे सकती है। पूर्वी बिहार में 23 जून को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।
--------