गायघाट पीपा पुल से गाड़ियों की आवाजाही बंद
महात्मा गांधी सेतु के समानांतर गायघाट स्थित पीपा पुल पर सभी वाहनों का परिचालन बंद हो जाएगा।
पटना सिटी। महात्मा गांधी सेतु के समानांतर गायघाट स्थित पीपा पुल पर सभी वाहनों का परिचालन बुधवार की रात 12 बजे से रोक दिया गया। गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी शुरू होते ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिला प्रशासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है। बरसात बाद नदी का पानी कम होते ही पीपा पुल को दोबारा वाहनों के आवागमन के लिए तैयार किया जाएगा। शाम में पुल पर पुलिस बल के साथ पहुंचे यातायात डीएसपी जगदानंद ठाकुर ने वाहन चालकों के बीच यह जानकारी सार्वजनिक किया। उन्होंने कहा कि रात से सभी तरह के वाहनों का परिचालन गांधी सेतु के रास्ते होगा।
शाम में पीपा पुल पर सभी तरह के छोटे वाहनों की संख्या अधिक थी। इनमें कई बारात व दूल्हे के भी वाहन थे। पुलिस बल ने पुल पर वाहनों के बढ़े दबाव को नियंत्रित किया। वहीं, पीपा पुल निर्माण करने वाली कंपनी के निदेशक शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि गुरुवार की सुबह से पीपा पुल को खोलने का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए रात में ही पूरी तैयारी कर ली जाएगी। 30 से अधिक कर्मियों को लगाकर चार-पांच दिनों में इस पुल के सभी पीपा को खोल कर खाजेकलां घाट, कंगन घाट समेत अन्य घाटों पर जंजीर से बांधा जाएगा। दिसंबर में इस पुल को फिर से तैयार कर चालू किया जाएगा।