कटिहार और सासाराम में खुलेंगे निजी विश्वविद्यालय, शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश
बिहार के सासाराम और कटिहार में दो निजी विश्वविद्यालय खोले जायेंगे। शिक्षा विभाग ने प्रस्ताव की जांच के बाद आदेश जारी कर दिये।
पटना [राज्य ब्यूरो]। सरकार ने प्रदेश के दो जिलों में निजी विश्वविद्यालय खोलने की अनुमति दी है। कटिहार में अल-करीम विश्वविद्यालय और सासाराम में गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के लिए सरकार को प्रस्ताव मिले थे जिन्हें स्वीकृति दे दी गई है। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
प्रायोजक निकाय अल-करीम एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से कटिहार के लिए और देव मंगल मेमोरियल ट्रस्ट जमुहार की ओर से सासाराम में निजी विश्वविद्यालय का प्रस्ताव शिक्षा विभाग को दिया गया था। विभाग ने प्रस्ताव की समीक्षा और स्थल निरीक्षण के बाद दोनों विश्वविद्यालयों के संचालन की अनुमति दी है।
विभाग ने अपने आदेश में कहा है कि विश्वविद्यालय एक निगमित निकाय होगा और इसे चल-अचल दोनों प्रकार की संपत्ति अर्जित करने और संविदा की शक्ति प्राप्त होगी। दोनों विश्वविद्यालय पूरी तरह से स्व-वित्त पोषित होंगे।
दोनों ही विश्वविद्यालय राज्य सरकार से किसी भी तरह की आर्थिक सहायता या अनुदान का दावा नहीं कर सकेंगे। निजी क्षेत्र के दोनों विश्वविद्यालयों का संचालन पूर्णत: बिहार निजी विश्वविद्यालय अधिनियम 2013 में दिए गए प्रावधानों के मुताबिक किया जाएगा।