सोनिया के डिनर के बाद बोले तेजस्वी, PM मोदी सरकार तानाशाह, हटाकर लेंगे दम
सोनिया गांधी द्वारा आयोजित विपक्षी नेताओं के डिनर में बिहार से तेजस्वी यादव, मीसा भारती, जीतनराम मांझी व शरद यादव शामिल हुए। डिनर में क्या बात हुई, इसका तजस्वी ने खुलासा किया।
पटना [जेएनएन]। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को रोकने तथा विपक्षी जीत की रणनीति बनाने के लिए मंगलवार को प्रमुख विपक्षी नेताओं को डिनर पर बुलाया। बिहार से इसमें बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, बिहार से राज्यसभा सदस्य मीसा भारती, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) सुप्रीमो जीतन राम मांझी तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ विद्राह का झंडा थामे शरद यादव शामिल हुए। डिनर के बाद तेजस्वी यादव ने बताया कि यह विपक्षी नेताओं की दोस्ताना बैठक थी।
सोनिया गांधी के डिनर से बाहर आने के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेजस्वी यादव ने बताया कि यह विपक्षी नेताओं की दोस्ताना बैठक थी, जिसमें संविधान बचाने को लेकर विमर्श किया गया। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को 'तानाशाह' बताते हुए कहा कि संप्रग इसे हटाना चाहता है।
तेजस्वी ने कहा कि राजग में घटक दल असंतुष्ट हैं। अकाली दल, शिवसेना, टीडीपी सभी भाजपा से नाराज चल रहे हैं। यह बैठक तो केवल एक शुरुआत है।
तेजस्वी ने डिनर के बाद इसकी तस्वीरें भी ट्वीट कीं।
डिनर में शामिल हुए ये नेता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस डिनर में शामिल नहीं हो सकीं। उनका प्रतिनिधित्व सुदीप बंदोपाध्याय ने किया। डिनर में ये नेता शामिल हुए:
- राजद: तेजस्वी यादव और मीसा भारती
- हिंदुस्तान अवाम मोर्चा: जीतन राम मांझी
- हिंदुस्तान ट्राइबल पार्टी: शरद यादव
- झारखंड मुक्ति मोर्चा: हेमंत सोरेन
- समाजवादी पार्टी: रामगोपाल यादव
- रालोद: अजित सिंह
- बीएसपी: सतीश मिश्रा
- सीपीएम: मोहम्मद सलीम
- सीपीआइ: डी राजा
- डीएमके: कनिमोझी
- जेवीएम: बाबूलाल मरांडी
- आरएसपी: रामचंद्र
- जेडीएस: डॉ. के रेड्डी
- एनसीपी: शरद पवार
- नेशनल कॉन्फ्रेंस: उमर अबदुल्ला
- एआइयूडीएफ: बदरुद्दीन अजमल
- तृणमूल कांग्रेस: सुदीप बंदोपाध्याय
- आइयूएमएल: कुट्टी
- केरल कांग्रेस: के जोश के मनी
- कांग्रेस: राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे, गुलाम नबी आजाद, एके एंटनी, अहमद पटेल, रणदीप सुरजेवाला, आदि।