जदयू नेता ने कहा- लोकशाही को सशक्त कर रहे नीतीश कुमार
जदयू के प्रशिक्षण शिविर में आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार नौकरशाही को नहीं, बल्कि लोकशाही को सशक्त कर रहे हैं। अब किसी वाजिब काम के लिए हाथ जोडऩे की जरूरत नहीं है।
पटना [जेएनएन]। जदयू के प्रशिक्षण कार्यक्रम में बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आरसीपी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नौकरशाही को नहीं, बल्कि लोकशाही को सशक्त कर रहे हैं। उनके शासनकाल में प्रदेश में किसी व्यक्ति को किसी वाजिब काम के लिए किसी के सामने हाथ जोडऩे या गिड़गिड़ाने की जरूरत नहीं है।
पहले लोगों को केवल शिकायत करने का अधिकार था, लेकिन लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के रूप में अब सबके पास शिकायत के निवारण का भी अधिकार है। बुधवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम में नालंदा, बिहारशरीफ, पटना महानगर और पटना ग्रामीण के 1227 सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया।
आरसीपी सिंह ने कहा कि शिकायत निवारण के लिए बने कानून से प्रदेश में अबतक 2.47 लाख लोगों को लाभ मिल चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि इस कानून का अधिक से अधिक उपयोग करें। नीतीश कुमार बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। वे केवल जदयू के नहीं, पूरे बिहार के नेता हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे 21 जनवरी को दहेजबंदी और बाल विवाह उन्मूलन के लिए आयोजित मानव श्रृंखला को सफल बनाएं। कार्यक्रम के समन्वयक सुनील कुमार ने मानव संसाधन के विकास की चर्चा करते हुए आत्म प्रबंधन पर बल दिया।
वहीं, जदयू को आधुनिक तकनीक एवं संचार माध्यमों से लैस करने में जुटे डा. अमरदीप ने कहा कि पार्टी सिर्फ विचार में नहीं, अब तकनीक में भी किसी दल से पीछे नहीं रहेगी। विधान पार्षद प्रो. रणवीर नंदन ने कहा कि कार्यकर्ता अभी से चुनाव प्रबंधन में लग जाएं। नए कार्यकर्ताओं से अवश्य मिलें।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि हमारी सरकार देश की पहली सरकार है जो छात्रों के लोन की गारंटर होती है। राज्यसभा सदस्य हरिवंश ने कहा कि नीतीश कुमार आने वाली पीढ़ी के लिए भी सोचते हैं।