छोटी दीवाली के साथ चतुर्दिक दीपावली शुरू
विभिन्न मंदिरों में मनी हनुमत जयंती।
-विभिन्न मंदिरों में मनी हनुमत जयंती
-गोवर्द्धन पूजा व अन्नकूट पर्व कल, भाई दूज व चित्रगुप्त पूजा शनिवार को
जागरण संवाददाता, पटना सिटी : छोटी दीवाली के साथ चतुर्दिक दीपावली बुधवार से प्रारंभ हो गयी। जिसका समापन कार्तिक शुक्ल द्वितीया यानी यम द्वितीया को होगा। चतुर्दिक महापर्व के प्रत्येक दिन धार्मिक व लौकिक कार्य संपन्न किया जाता है। बुधवार को छोटी दीपावली मनायी गयी। इस दौरान अधिकतर घरों में दीप रोशन हुआ।
हनुमान जयंती भी मनाई गयी। सिटी के जल्ला वाले महावीर मंदिर तथा मच्छरहट्टा गली स्थित काले हनुमान की मंदिर में सुंदरकांड पाठ व पूजा अर्चना की गयी। गुरुवार को कार्तिक अमावस्या पर दीपावली मनायी जाएगी। शुक्रवार को कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को गोवर्द्धन पूजा के साथ अन्नकूट पर्व मनाया जाएगा। उधर शनिवार को कार्तिक शुक्ल द्वितीया पर्व भाई दूज मनाया जाएगा। इसे यम द्वितीया भी कहते हैं। इस दिन भगवान चित्रगुप्त की पूजा की जाती है।