धर्मनिरपेक्षता के नाम पर अपने ही देश में परेशान किये जा रहे हैं हिन्दू: गिरिराज
भाजपा के फायर ब्रिगेड नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि धर्मनिरपेक्षता के नाम पर अपने ही देश में हिन्दू तंग किये जा रहे हैं। सर्व धर्म समभाव का मतलब देश में हिंदुओं को तंग करना हो गया है।
पटना [जेएनएन]। केंद्रीय मंत्री और नवादा के भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने दशहरा और मुहर्रम पर्व को लेकर हो रही राजनीति पर ममता बनर्जी और लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि सर्व धर्म समभाव का मतलब आज देश में हिंदुओं को तंग करना है। धर्मनिरपेक्षता के नाम पर अपने ही देश में हिन्दू परेशान किये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश में धर्मनिरपेक्षता की राजनीति का एक नया चेहरा निकल कर सामने आया है जिसके कारण ममता बनर्जी और लालू प्रसाद यादव जैसे नेता राजनीति करते आ रहे हैं। ममता बनर्जी अपने राजनीतिक फायदे के लिए आज ऐसा कर रही हैं जिसकी हर तरफ आलोचना हो रही है।
उन्होंने कहा कि देश में कोई ऐसा मुख्यमंत्री नहीं है जो कहेगा कि किसी पर्व को एक निर्धारित तिथि या दिन को ही मनाया जाए। जब इन जैसे लोग नेता नहीं थे तो इसी भारत में हिन्दू-मुस्लिम एक साथ मिलकर ताजिया उठाते थे और दुर्गा पूजा में सहयोग करते थे। उन्होंने कोर्ट को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे आदेश को निरस्त किया।
गिरिराज ने कहा कि जिस दिन हिन्दू, हिन्दू बन जायेगा उस दिन ऐसे राजनीति करने वाले लोग हिन्दू-मुसलमान करना छोड़ देंगे। कांग्रेस के अंदर मची भगदड़ में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी को कही भी जाने की आजादी है। अगर कोई नीतीश कुमार के साथ जाना चाहता है तो उसमें कोई क्यों रोकेगा।