चौक में आरओबी के समीप युवक को मारी तीन गोली
पटना सिटी। चौक थाना अन्तर्गत पटना साहिब स्टेशन से सटे चौक शिकारपुर आरओबी के समीप मंगल
पटना सिटी। चौक थाना अन्तर्गत पटना साहिब स्टेशन से सटे चौक शिकारपुर आरओबी के समीप मंगलवार की रात अज्ञात अपराधियों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोली चली। गंभीर रूप से जख्मी युवक को पटना साहिब रेल पुलिस तथा चौक थाना पुलिस ने इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। घटनास्थल को लेकर पटना साहिब तथा चौक थाना पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही है। पुलिस घायल के बयान का इंतजार कर रही है। सूत्रों के अनुसार जीआरपी ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। चौक थानाध्यक्ष अशोक कुमार पांडे ने बताया कि मामला जीआरपी का है। पुलिस ने मौके से गोली का खोखा बरामद किया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पटना साहिब स्टेशन पर किसी टेंडर से जुड़े मामले को लेकर सुनील कुमार वर्मा का एक गांजा विक्रेता से झंझट हुआ था। पुलिस के अनुसार पिकअप वैन चलाने वाला सुनील रात में बेगमपुर स्थित घर लौट रहा था। अचानक आरओबी के नीचे तीन-चार बदमाशों ने सुनील को घेर लिया। बातचीत होते-होते हाथापाई होने लगी। बदमाश सुनील पर ताबड़तोड़ गोली चला फरार हो गए। गोली युवक के पेट, पंजरा व पैर में लगी है। बताया जाता है कि गोली चलाने वाले भी बेगमपुर के ही थे। ताबड़तोड़ गोलीबारी चलने से आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर छटपटा रहे युवक को देख फुटपाथी दुकानदार व ठेला दुकानदारों के बीच हड़कंप मच गया। लोग मौके से फरार हो गए। रेल पुलिस मामले को चौक थाना क्षेत्र का बता रही है। पुलिस के अनुसार घायल सुनील बिहारशरीफ का रहने वाला है। बेगमपुर में वह किराए के मकान में रहता है। पुलिस के अनुसार घायल सुनील बिहारशरीफ से आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पूरा मामला टेंडर वार से जुड़ा है।